
सतना। मध्य प्रदेश में आधार सेवाओं के बुनियादी ढांचे का विस्तार करते हुए भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने प्रदेश भर में स्थापित किए गए सभी 36 नए आधार सेवा केंद्रों (ASK) को पूरी तरह क्रियाशील कर दिया है। पिछले छह वर्षों के दौरान प्रदेश में यूआईडीएआई द्वारा सीधे संचालित आधार सेवा केंद्र केवल भोपाल और इंदौर तक ही सीमित थे। आम नागरिकों, विशेषकर ग्रामीण और वनांचल क्षेत्र के निवासियों को आधार संबंधी औपचारिकताओं के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी। इस भौगोलिक असमानता को समाप्त करने और सेवाओं को सुलभ बनाने के उद्देश्य से शासन ने 36 अतिरिक्त केंद्रों की स्थापना का निर्णय लिया था, जिनके शुरू होने से राज्य में आधार सेवा नेटवर्क का व्यापक विस्तार हुआ है।
नए आधार सेवा केंद्रों की स्थापना में विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (PVTG) और दूरस्थ आबादी वाले जिलों को प्राथमिकता दी गई है। इनमें अलीराजपुर, झाबुआ, बड़वानी, सीधी, सिंगरौली, डिंडौरी, शिवपुरी, बालाघाट और मंडला सहित कई आदिवासी बाहुल्य जिले शामिल हैं। इन केंद्रों के सक्रिय होने से आदिवासी व ग्रामीण नागरिकों को सीधे यूआईडीएआई द्वारा संचालित मानक और पारदर्शी सेवाओं का लाभ अपने नजदीकी क्षेत्र में ही मिलेगा।
नागरिकों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए इन सभी 36 आधार सेवा केंद्रों में आधुनिक अवसंरचना और सुव्यवस्थित संचालन प्रणाली विकसित की गई है। ये सभी केंद्र सप्ताह के सातों दिन खुले रहेंगे, जिससे कामकाजी लोगों और विद्यार्थियों को अपनी सुविधा के अनुसार समय चुनने का अवसर मिलेगा। नागरिक केंद्र पर जाने से पहले यूआईडीएआई के आधिकारिक पोर्टल (bookappointment.uidai.gov.in) के माध्यम से ऑनलाइन अपॉइंटमेंट बुक कर सकते हैं। इससे सेवा केंद्रों पर अनावश्यक भीड़ नहीं लगेगी और लोगों का प्रतीक्षा समय कम होगा। केंद्रों पर वरिष्ठ नागरिकों और महिलाओं के बैठने की समुचित व्यवस्था, आधुनिक बायोमेट्रिक उपकरण और टोकन प्रणाली सुनिश्चित की गई है। प्रत्येक केंद्र पर सेवा की गुणवत्ता और संचालन की निगरानी के लिए एक सेंटर प्रबंधक (Center Manager) भी तैनात रहेगा।
आधार सेवा केंद्रों को केवल नए नामांकन और अपडेशन तक सीमित न रखकर नागरिकों की समस्याओं के समाधान केंद्र के रूप में भी विकसित किया गया है। बायोमेट्रिक मिसमैच, तकनीकी त्रुटियों, पते में सुधार या दस्तावेजी अड़चनों से संबंधित शिकायतों के लिए केंद्रों पर विशेष सहायता डेस्क उपलब्ध रहेगी। नागरिक अपने निकटतम अधिकृत आधार सेवा केंद्र की सही लोकेशन और जानकारी इसरो के साथ संचालित यूआईडीएआई के भुवन पोर्टल (bhuvan.nrsc.gov.in/apps/uidai) पर देख सकते हैं।
Leave A Reviews