
पन्ना जिले के शाहनगर थाना क्षेत्र के तुल्ला गाँव में शुक्रवार दोपहर एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में अचानक आग लग गई। इस हादसे में किसान की मेहनत से तैयार की गई गेहूं की पूरी फसल जलकर राख हो गई।
जानकारी के अनुसार मलघन निवासी किसान मनीराम पटेल खेत से गेहूं की कटाई कर करीब 15 क्विंटल उपज ट्रॉली में भरकर घर ले जा रहे थे। इसी दौरान ग्राम तुल्ला के पास ट्रॉली के ऊपर से गुजर रही बिजली की लाइन से शॉर्ट सर्किट हो गया। लाइन से निकली चिंगारी ट्रॉली में भरी फसल पर गिर गई और देखते ही देखते आग भड़क उठी।
कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया और ट्रॉली में भरी पूरी गेहूं की फसल धू-धू कर जलने लगी। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि दूर से ही काले धुएं का गुबार आसमान में उठता दिखाई दे रहा था।
मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत ट्रैक्टर को जलती हुई ट्रॉली से अलग कर दिया। ग्रामीणों की इस तत्परता के कारण ट्रैक्टर का इंजन सुरक्षित बच गया, अन्यथा आग पूरे ट्रैक्टर को भी अपनी चपेट में ले सकती थी।
हालांकि इस आगजनी में किसान की करीब 15 क्विंटल गेहूं की फसल पूरी तरह नष्ट हो गई, जिससे उसे भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
घटना के बाद गांव के लोगों ने प्रशासन से पीड़ित किसान को उचित मुआवजा देने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि किसान की सालभर की मेहनत कुछ ही मिनटों में जलकर राख हो गई है, इसलिए शासन को उसकी मदद के लिए आगे आना चाहिए।
Leave A Reviews