Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

दमोह में झोपड़ी पर गिरी गाज, युवक की मौत, 4 बच्चों समेत परिवार के 6 लोग गंभीर रूप से झुलसे


दमोह जिले के नोहटा थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और बड़ी प्राकृतिक आपदा की खबर सामने आई है। यहाँ माला मानगढ़ गांव में शनिवार शाम को एक झोपड़ी पर आकाशीय बिजली (गाज) गिरने से 28 वर्षीय एक युवक की मौत हो गई, जबकि परिवार के चार बच्चों समेत छह अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए। सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

शाम पांच बजे झोपड़ी पर काल बनकर गिरी बिजली

पारिवारिक सदस्य कोदू सिंह से मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम करीब 5 बजे मौसम खराब होने के कारण परिवार के सभी लोग अपनी झोपड़ी के अंदर बैठे हुए थे। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली सीधे झोपड़ी पर आ गिरी। बिजली गिरते ही झोपड़ी के भीतर मौजूद सभी 7 लोग उसकी चपेट में आ गए और बुरी तरह झुलस गए।

एम्बुलेंस में दिया गया सीपीआर, अस्पताल में डॉक्टर ने घोषित किया मृत

घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों की मदद से 108 एम्बुलेंस को सूचित किया गया। एम्बुलेंस के स्वास्थ्य कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर गंभीर रूप से झुलसे रतन आदिवासी (28 वर्ष) को बचाने के लिए रास्ते में सीपीआर (CPR) भी दिया और सभी को नोहटा स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर दिव्यांशु अवस्थी ने परीक्षण के उपरांत रतन आदिवासी को मृत घोषित कर दिया।

घायलों में बुजुर्ग महिला और चार मासूम बच्चे शामिल

इस आकाशीय बिजली की चपेट में आने से घायल हुए अन्य 6 लोगों का जिला अस्पताल में सघन उपचार किया जा रहा है। घायलों में 14 वर्षीय मालती, 18 वर्षीय मदन, 5 वर्षीय उमा, 24 वर्षीय रचना, 6 वर्षीय जानकी और 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला वेदरानी शामिल हैं।

घटना की सूचना मिलते ही नोहटा थाना पुलिस भी जिला अस्पताल पहुंच गई है। पुलिस ने मृतक रतन आदिवासी के शव को अस्पताल के शवगृह (मर्चुरी) में रखवा दिया है और मर्ग कायम कर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

Share:

Leave A Reviews

Related News