Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

इंदौर में कालिका माता मंदिर हटाने की कार्रवाई टली, विरोध के बाद पीछे हटा प्रशासन


इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर की कृष्णबाग कॉलोनी में अतिक्रमण हटाने की मुहिम के दौरान कालिका माता मंदिर को हटाने की प्रस्तावित कार्रवाई फिलहाल टाल दी गई है। स्थानीय रहवासियों के विरोध के बाद प्रशासन ने मंदिर हटाने का फैसला स्थगित कर दिया। एसडीएम घनश्याम धनगर ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल मंदिर को हटाने के संबंध में कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।

सोमवार को पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम कृष्णबाग कॉलोनी में अतिक्रमण हटाने पहुंची थी। इस दौरान जब कालिका माता मंदिर को हटाने की तैयारी शुरू हुई तो स्थानीय लोग एकजुट होकर विरोध करने लगे। लोगों की भारी भीड़ और तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए एसडीएम घनश्याम धनगर को भी मौके से लौटना पड़ा।

हिंदू संगठनों ने भी किया विरोध

सोमवार शाम तक कई हिंदू संगठन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। संगठनों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए चेतावनी दी कि किसी भी कीमत पर मंदिर की एक भी ईंट नहीं हटने दी जाएगी। विरोध बढ़ने के बाद शाम तक पुलिस और प्रशासन की टीमें भी मौके से लौट गईं।

मंगलवार को दोबारा कार्रवाई होने की आशंका के बीच रहवासियों ने मंदिर के बाहर धरना जारी रखा था। हालांकि, एसडीएम के यह स्पष्ट करने के बाद कि फिलहाल मंदिर हटाने की कोई कार्रवाई नहीं होगी, रहवासियों ने अपना धरना समाप्त कर दिया।

वर्ष 2003 से चल रहा जमीन का विवाद

पूरे मामले की जड़ ग्राम खजराना स्थित सर्वे नंबर 66/2(क) की 0.720 हेक्टेयर जमीन है। इस भूमि के स्वामित्व को लेकर श्रीराम बिल्डर्स और कॉलोनी के रहवासियों के बीच वर्ष 2003 से कानूनी विवाद चल रहा है। मामला तहसीलदार न्यायालय से शुरू होकर हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच चुका है।

अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान मंदिर प्रबंधन को परिसर खाली करने के लिए एक घंटे का समय दिया गया था। इसके बाद स्थानीय लोगों ने विरोध शुरू कर दिया और मौके पर जय-जय सियाराम के नारे लगाए।

42 मकान तोड़े, 600 कर्मियों का अमला रहा तैनात

प्रशासन की अतिक्रमण हटाने की मुहिम सोमवार को दिनभर चली। इस दौरान कुल 42 मकानों को ध्वस्त किया गया। कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन, पुलिस और नगर निगम के करीब 600 अधिकारी-कर्मचारी तैनात किए गए थे। निर्माण हटाने के लिए 12 पोकलेन मशीनों का इस्तेमाल किया गया।

जब कार्रवाई के दौरान अमला कालिका माता मंदिर को हटाने की तैयारी करने लगा तो बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। विरोध तेज होने और विवाद की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने मंदिर हटाने की कार्रवाई फिलहाल स्थगित कर दी।

Date & Time : 2026-11-24 13:43:26

Share:

Leave A Reviews

Related News