Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

गन्ने के दाम बढ़ाने भोपाल पहुंचे किसान, शिवराज-मोहन यादव की चर्चा का इंतजार


भोपाल। नरसिंहपुर के गन्ना किसानों का आंदोलन भोपाल में लगातार जारी है। किसान 600 रुपये प्रति क्विंटल गन्ना मूल्य और 50 रुपये बोनस देने की मांग पर अड़े हुए हैं। होशंगाबाद रोड स्थित वीर सावरकर सेतु के पास सर्विस रोड पर किसानों ने डेरा डाल रखा है। सोमवार की रात खुले आसमान के नीचे गुजारने के बाद मंगलवार को पांच सदस्यीय किसान प्रतिनिधिमंडल ने कृषि विभाग के सचिव निशांत वरवड़े से मुलाकात की।

किसानों के मुताबिक, बुधवार को केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के बीच गन्ने के दाम और बोनस के मुद्दे पर चर्चा होगी। अब किसान इस बातचीत के नतीजे का इंतजार कर रहे हैं। उनका कहना है कि मांगों पर संतोषजनक निर्णय नहीं हुआ तो आंदोलन जारी रहेगा।

कृषि सचिव से मुलाकात के बाद बुधवार की चर्चा पर निगाहें

कृषि सचिव निशांत वरवड़े से मुलाकात के बाद प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि बुधवार को शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के बीच किसानों की मांगों पर चर्चा प्रस्तावित है। इस बातचीत में क्या निर्णय निकलता है, इसके आधार पर आंदोलन की अगली रणनीति तय की जाएगी।

राष्ट्रवादी किसान आर्मी के प्रदेश अध्यक्ष प्रतीक शर्मा ने कहा कि किसान सरकार से बातचीत करने भोपाल आए हैं, किसी तरह का विवाद या अशांति फैलाने नहीं। उनके मुताबिक, अब तक सरकार की ओर से ऐसा कोई संतोषजनक आश्वासन नहीं मिला है, जिससे किसान आंदोलन समाप्त करने पर विचार करें। किसान बिना किसी शर्त के बातचीत और अपनी मांगों का समाधान चाहते हैं।

किसान नेताओं ने मिल मालिकों पर मनमानी करने का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि देशभर के किसान भी उनकी मांगों का समर्थन कर रहे हैं।

400 रुपये प्रति क्विंटल लागत, 450 रुपये मिल रहा भाव

किसानों का कहना है कि गन्ने की खेती में करीब 400 रुपये प्रति क्विंटल लागत आती है, जबकि मिलों की ओर से लगभग 450 रुपये प्रति क्विंटल भाव दिया जा रहा है। किसानों के मुताबिक, यह कीमत उत्पादन लागत और खेती में लगने वाली मेहनत के मुकाबले पर्याप्त नहीं है।

इसी वजह से किसान गन्ने का भाव बढ़ाकर 600 रुपये प्रति क्विंटल करने और इसके साथ 50 रुपये प्रति क्विंटल बोनस देने की मांग कर रहे हैं। उनका आरोप है कि सरकार की ओर से बोनस देने की बात कही गई थी, लेकिन अब तक इसका भुगतान नहीं हुआ है।

होशंगाबाद से भी पहुंच रहे किसान, प्रदर्शन स्थल पर बढ़ाई सुरक्षा

आंदोलन में किसानों की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए पुलिस ने प्रदर्शन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। किसान नेताओं के अनुसार, होशंगाबाद से भी किसान भोपाल पहुंच रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक, पहले प्रदर्शन स्थल पर करीब 45 पुलिसकर्मी तैनात थे। मंगलवार को सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल बढ़ाकर करीब 150 जवानों की तैनाती की गई। सर्विस रोड के दोनों ओर बैरिकेडिंग की गई है, ताकि प्रदर्शन के कारण मुख्य सड़क पर यातायात प्रभावित न हो।

खुले आसमान के नीचे गुजार रहे रात

वीर सावरकर सेतु के पास सर्विस रोड पर डटे किसानों ने सोमवार की रात खुले आसमान के नीचे गुजारी। किसान नेता राकेश धाकड़ के मुताबिक, प्रदर्शनकारी अपने खाने-पीने का इंतजाम खुद कर रहे हैं। वहीं, मौके पर पुलिस ने अधिकारियों के बैठने और निगरानी के लिए टेंट लगाया है। किसानों ने सड़क किनारे खुले में अपना डेरा जमा रखा है।

Date & Time : 2026-11-24 12:41:07

Share:

Leave A Reviews

Related News