
सतना स्थित AKS विश्वविद्यालय को उच्च शिक्षा को उद्योग, रोजगार, उद्यमिता और सामाजिक विकास से जोड़ने के उल्लेखनीय प्रयासों के लिए प्रतिष्ठित सम्मान से नवाजा गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कर-कमलों से प्राप्त यह सम्मान विश्वविद्यालय की गुणवत्तापूर्ण, कौशल आधारित और भविष्योन्मुखी शिक्षा के संकल्प को और अधिक सुदृढ़ करता है। संस्थान विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रखकर व्यावहारिक प्रशिक्षण और उद्योगों से सीधे जुड़ने के अवसर प्रदान कर रहा है, जिससे वे आधुनिक तकनीक और रोजगार की बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप दक्ष बन सकें।
इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय प्रबंधन और शैक्षणिक जगत में हर्ष का माहौल है। कुलाधिपति बी.पी. सोनी, प्रो-चांसलर अनंत कुमार सोनी, कुलपति प्रो. बी.ए. चोपड़े, प्रतिकुलपति डॉ. हर्षवर्धन श्रीवास्तव, प्रो. आर.एस. त्रिपाठी सहित समस्त संकायों के डीन, निदेशकों, विभागाध्यक्षों और सुरक्षा विभाग के सदस्यों ने प्रसन्नता व्यक्त की। सभी ने इसे संस्थान की सामूहिक प्रतिबद्धता, टीम भावना और शैक्षणिक गुणवत्ता के प्रति निरंतर प्रयासों का प्रतिफल बताया।
एकेएस विश्वविद्यालय को इससे पूर्व भी उच्च शिक्षा, शोध और नवाचार के क्षेत्र में कई प्रतिष्ठित राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय सम्मान प्राप्त हो चुके हैं। संस्थान का मुख्य ध्येय विद्यार्थियों को उद्योग-अनुकूल व्यावहारिक ज्ञान से जोड़ना है, ताकि वे वैश्विक प्रतिस्पर्धा के दौर में अपनी पहचान स्थापित कर सकें।
प्रबंधन के अनुसार, मुख्यमंत्री द्वारा प्रदान किया गया यह सम्मान संस्थान के शिक्षकों और विद्यार्थियों के मनोबल को बढ़ाने के साथ-साथ विंध्य क्षेत्र में उच्च शिक्षा के स्तर को नए आयाम देने में मददगार साबित होगा।
Leave A Reviews