
अनूपपुर जिले के राजेंद्रग्राम थाना क्षेत्र अंतर्गत जरही गांव में बुधवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब 45 वर्षीय एक महिला का शव उसके घर के अंदर बिस्तर पर बरामद हुआ। शुरुआती तौर पर इसे हत्या का मामला माना जा रहा था, लेकिन पुलिस की विस्तृत जांच और एफएसएल टीम के निरीक्षण के बाद मामला स्वाभाविक मौत की ओर इशारा कर रहा है।
गर्दन पर लाल निशान ने पैदा की थी शंका थाना प्रभारी पीसी कॉल के अनुसार, मृतिका की पहचान शगुनी बाई (45), पति प्रीतम सिंह के रूप में हुई है। बुधवार सुबह परिजनों की सूचना पर पुलिस बल के साथ शहडोल से आई एफएसएल और फिंगरप्रिंट टीम ने मौके का मुआयना किया। अंधेरे के कारण शुरुआत में महिला की गर्दन पर एक लाल निशान दिखाई दिया था, जिससे गला दबाकर हत्या की आशंका जताई गई। हालांकि, फॉरेंसिक जांच में वह निशान केवल पपड़ीनुमा त्वचा की परत निकली। डॉक्टरों और विशेषज्ञों को शरीर पर संघर्ष या चोट के कोई अन्य निशान नहीं मिले हैं।
तीन-चार दिनों से भूखी थी महिला पुलिस पूछताछ में यह बात सामने आई है कि शगुनी बाई शराब पीने की आदी थीं और पिछले तीन-चार दिनों से उन्होंने खाना भी नहीं खाया था। घटना के वक्त उनके पति खलिहान में काम करने गए थे। मंगलवार दोपहर जब उनके बेटे ने उन्हें भोजन के लिए उठाने का प्रयास किया, तो वे कोई हलचल नहीं कर रही थीं। इसके बाद परिजनों को सूचना देने में समय लग गया और पुलिस को बुधवार सुबह जानकारी मिली।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार थाना प्रभारी ने बताया कि शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम करा दिया गया है और शव परिजनों को सौंप दिया गया है। डॉक्टरों ने भी प्राथमिक तौर पर हत्या जैसी किसी बात की पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि मृत्यु के सटीक कारणों और समय का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल मर्ग कायम कर मामले की जांच जारी है।
Leave A Reviews