Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

अनूपपुर, शादी के एक साल बाद नवविवाहिता ने लगाई फांसी, मौत से पहले मोबाइल पर हुई थी बात, जांच में जुटी पुलिस


अनूपपुर। जिला मुख्यालय के वार्ड क्रमांक 14, नीम चौराहा (पुरानी बस्ती) में बुधवार दोपहर एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहाँ 21 वर्षीय नवविवाहिता हेमा वंशकार ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय घर में कोई नहीं था। आनन-फानन में परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मोबाइल कॉल के बाद उठाया आत्मघाती कदम परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, आत्महत्या करने से ठीक पहले हेमा मोबाइल फोन पर किसी से बात कर रही थी। फोन पर बातचीत खत्म होने के कुछ ही देर बाद उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। घटना के वक्त उसका पति राज वंशकार किसी काम से बाजार गया हुआ था। जब परिजनों ने उसे फंदे पर लटका देखा, तब उसकी सांसें चल रही थीं, लेकिन अस्पताल पहुंचने के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

दो दिन पहले ही लौटी थी रिश्तेदारी से बताया जा रहा है कि हेमा और राज की शादी को अभी करीब एक साल ही हुआ था। घटना से मात्र दो दिन पहले ही वह अपने पति के साथ कोतमा में एक रिश्तेदार के घर से लौटी थी। घर में किसी भी तरह के विवाद की बात फिलहाल सामने नहीं आई है, जिससे आत्महत्या के कारणों को लेकर रहस्य गहरा गया है।

प्रशासनिक मौजूदगी में हुआ पोस्टमार्टम चूँकि मामला नवविवाहिता की मौत से जुड़ा था, इसलिए नियमों के तहत डिप्टी कलेक्टर प्राशी अग्रवाल और नायब तहसीलदार एमडी चक्रवर्ती की मौजूदगी में कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने मायका और ससुराल दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए हैं। दोपहर बाद जब हेमा के मायके पक्ष के लोग अस्पताल पहुंचे, तो वहां माहौल काफी गमगीन हो गया। हालांकि, मायका पक्ष ने फिलहाल किसी पर कोई सीधा आरोप नहीं लगाया है, लेकिन घटना को लेकर गहरा दुख और नाराजगी व्यक्त की है।

पुलिस चौकी प्रभारी मंसाराम मार्को के अनुसार, पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम करा दिया है। मोबाइल कॉल रिकॉर्ड्स और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की जांच की जाएगी, जिसके बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Share:

Leave A Reviews

Related News