
अशोकनगर जिले से दिल दहला देने वाला दर्दनाक हादसा सामने आया है। चंदेरी तहसील अंतर्गत विक्रमपुर गांव में बिना मुंडेर के गहरे कुएं में डूबने से एक ही परिवार के चार सगे भाइयों की मौत हो गई। मृतकों में 9 वर्षीय देव, 7 वर्षीय त्रिदेव, 6 वर्षीय महादेव और 4 वर्षीय प्रियांशु शामिल हैं। चारों बच्चे खेत में खेल रहे थे, तभी एक भाई पानी में गिरा और उसे बचाने के चक्कर में बाकी तीनों भी कुएं में समा गए।
हादसे के वक्त बच्चों के पिता बलवीर कुशवाहा मजदूरी करने गए थे, जबकि मां मायके गई हुई थी। जब ग्रामीणों ने कुएं से चारों बच्चों के शव एक-एक कर बाहर निकाले, तो पूरा गांव रो पड़ा। सभी शवों का चंदेरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। चंदेरी तहसीलदार दिलीप दरोगा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पीड़ित परिवार को शासन द्वारा तय आर्थिक सहायता राशि प्रदान की जाएगी।
इस भीषण हादसे पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर संवेदना प्रकट करते हुए अंतिम संस्कार के बाद रात में पीड़ित पिता से फोन पर बात की और ढांढस बंधाया। सिंधिया ने शोकाकुल परिवार को हर संभव सरकारी और निजी मदद का भरोसा दिया है।
Leave A Reviews