
बालाघाट जिले के लांजी थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। लांजी के आमगांव रोड, कटंगी के पास एक तेज रफ्तार बाइक सड़क पर खड़े एक डेकोरेशन वाहन से पीछे से टकरा गई। इस भीषण भिड़ंत में 25 वर्षीय बाइक सवार युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान नीमटोला निवासी विजय पिता राधेश्याम वाकड़े के रूप में हुई है।
अंधेरे और लापरवाही ने ली जान पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, विजय मंगलवार दोपहर अपने एक परिचित को छोड़ने आमगांव गया था। रात को वहां से लौटते समय यह हादसा हुआ। सड़क पर मनोज मिनी ट्रांसपोर्ट देवलगांव का डेकोरेशन वाहन (MH 35 AJ 0209) खड़ा था, जिसमें डेकोरेशन का सामान भरा हुआ था। बताया जा रहा है कि अंधेरा होने के कारण और वाहन में किसी भी प्रकार का रेडियम या संकेतक (इंडीकेटर) न होने की वजह से विजय को सड़क पर खड़ा वाहन दिखाई नहीं दिया और उसकी बाइक (MP 50 ZF 9624) सीधे वाहन के पिछले हिस्से में जा घुसी।
नाराज भीड़ ने की तोड़फोड़ टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि विजय की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। इस बीच हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। वाहन चालक की लापरवाही और बिना संकेतक के गाड़ी खड़ी करने को लेकर लोगों में भारी आक्रोश देखा गया, जिसके चलते कुछ उत्तेजित लोगों ने वाहन में मामूली तोड़फोड़ भी की।
पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम लांजी पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और डेकोरेशन वाहन को जब्त कर थाने में खड़ा करा दिया है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल लांजी भेजा गया है, जहां आज डॉक्टरों की टीम द्वारा शव का परीक्षण किया जाएगा। पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर लिया है और दुर्घटना के सही कारणों के साथ-साथ वाहन मालिक की लापरवाही की भी गहनता से जांच की जा रही है।
Leave A Reviews