
बालाघाट। जिले के रामपायली थाना क्षेत्र अंतर्गत मुरझड़ में एक 23 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई है। चिखला और हिरवाटोला के बीच सड़क किनारे झाड़ियों में युवक का अर्धनग्न शव बरामद हुआ है, जिसके पास ही उसकी मोटरसाइकिल भी पड़ी मिली। मृतक के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे प्रथम दृष्टया यह मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस को संदेह है कि युवक की हत्या करने के बाद मामले को सड़क दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की गई है।
शादी में जाने का कहकर घर से निकला था मृतक मृतक की पहचान तरूण लिल्हारे (23) के रूप में हुई है, जो पेशे से वेल्डर था। परिजनों के अनुसार, तरूण 5 मई की शाम को घर से किसी परिचित की शादी में शामिल होने की बात कहकर निकला था। रात भर वापस न आने के बाद, बुधवार को परिजनों को सूचना मिली कि उसका शव सड़क किनारे पड़ा है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर एकत्रित हो गए।
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य मामले की गंभीरता को देखते हुए बालाघाट से एफएसएल (फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की विशेष टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल की घेराबंदी कर बारीकी से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने शव को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल की स्थिति और शरीर पर मौजूद चोटों को देखते हुए पुलिस इसे सोची-समझी साजिश मानकर जांच कर रही है।
प्रेम प्रसंग का एंगल और पुलिस की जांच क्षेत्र में चर्चा है कि इस घटना के पीछे प्रेम प्रसंग का मामला हो सकता है, हालांकि पुलिस ने फिलहाल इन अटकलों पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। एसडीओपी अभिषेक चौधरी ने बताया कि युवक की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि पुलिस हर संभावित पहलू और 'एंगल' से मामले की गहनता से जांच कर रही है और जल्द ही इस गुत्थी को सुलझा लिया जाएगा।
Leave A Reviews