
छिंदवाड़ा जिले के भैंसादंड गांव में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक बारात में परोसे गए मट्ठे को लेकर चौंकाने वाली जानकारी सामने आई। बताया गया कि जिस गाय के दूध से मट्ठा तैयार किया गया था, वह गंभीर रूप से बीमार है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
जांच में यह तथ्य सामने आया कि गाय को करीब एक सप्ताह पहले एक कुत्ते ने काट लिया था। इसके बावजूद परिजनों ने लापरवाही बरतते हुए गाय का दूध निकालना जारी रखा। मंगलवार को अचानक गाय की तबीयत बिगड़ने के बाद यह बात फैल गई कि उसी दूध से बना मट्ठा बारात में परोसा गया था, जिससे गांव में डर और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मामले की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग तुरंत हरकत में आया और उप स्वास्थ्य केंद्र भैंसादंड में आपातकालीन कैंप लगाया गया। अब तक करीब 92 लोगों को रेबीज के इंजेक्शन लगाए जा चुके हैं। इंजेक्शन की कमी होने पर अतिरिक्त डोज भी मंगवाई गई है। स्वास्थ्य टीम मौके पर मौजूद है और बारात में शामिल सभी लोगों की पहचान कर उनका स्वास्थ्य परीक्षण और निगरानी की जा रही है।
गांव में जागरूकता बढ़ने के बाद जिन लोगों ने मट्ठा पिया था, उन्हें बुलाकर इलाज कराया जा रहा है। स्थानीय निवासी उमेश सोनी के अनुसार, बारात में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए थे और सभी को सूचना देकर टीकाकरण के लिए बुलाया जा रहा है। हालांकि, इंजेक्शन की कमी के कारण कुछ लोगों को इंतजार भी करना पड़ रहा है।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी ने भी उक्त मट्ठा का सेवन किया है, तो वह तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर जांच और आवश्यक उपचार कराए। साथ ही, पशुओं के काटने की स्थिति में समय पर इलाज कराने की सख्त सलाह दी गई है।
Leave A Reviews