Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

बालाघाट में 12 साल की नौकरी, 25 लाख आय और संपत्तियों का जखीरा, लांजी में प्रबंधक के घर EOW का छापा

आय से करीब 500 गुना अधिक संपत्ति, बैंक खाते भी किए गए सीज, 15 दिन के भीतर दूसरी बड़ी कार्रवाई

बालाघाट। लांजी क्षेत्र की मनेरी सेवा सहकारी समिति में प्रभारी प्रबंधक की जिम्मेदारी संभाल रहे विलास चौरे के नीमटोला स्थित आवास पर गुरुवार सुबह आर्थिक अपराध शाखा जबलपुर की टीम ने दबिश देकर आय से अधिक संपत्ति के मामले की जांच शुरू की। सुबह करीब 6 बजे पहुंची टीम में लगभग डेढ़ दर्जन अधिकारी शामिल थे।

कार्रवाई के दौरान घर और उससे जुड़े ठिकानों पर दस्तावेज, बैंक खातों तथा संपत्तियों से संबंधित रिकॉर्ड खंगाले गए। जांच एजेंसी के मुताबिक चौरे की करीब 12 वर्ष की नौकरी से ज्ञात आय लगभग 25 लाख रुपए है, जबकि जांच में सामने आई संपत्तियां इससे कई गुना अधिक पाई गई हैं।

पांच बस, दो ट्रैक्टर और चार पहिया वाहनों से बढ़ा संदेह

जांच के दौरान आर्थिक अपराध शाखा को पांच बस, दो ट्रैक्टर, तीन दोपहिया और चार चारपहिया वाहन, मकान तथा बिसोनी में कृषि भूमि से संबंधित जानकारी मिली है। इसके अलावा कई बैंक खातों और निजी तथा अन्य संस्थाओं की बीमा पॉलिसियों से जुड़े दस्तावेज भी जांच के दायरे में आए हैं। परिवार के नाम कृषि यंत्रों के कारोबार की जानकारी भी सामने आई है। 'मातोश्री' नाम से बालाघाट से हैदराबाद मार्ग पर बसों के संचालन की बात भी जांच में सामने आने की जानकारी दी गई है।

समिति के दस्तावेजों से वित्तीय लेनदेन तक पड़ताल

विलास चौरे वर्ष 2014 में सेवा सहकारी समिति में दैनिक वेतन भोगी के रूप में पदस्थ हुए थे। वर्तमान में वे मनेरी सेवा सहकारी समिति में प्रभारी प्रबंधक के पद पर कार्यरत हैं। आर्थिक अपराध शाखा की कार्रवाई में समिति से संबंधित वित्तीय एवं प्रशासनिक दस्तावेजों की भी पड़ताल की जा रही है। अधिकारियों द्वारा बैंक खातों में जमा राशि, निवेश, बीमा पॉलिसियों और संपत्तियों के स्त्रोत का मिलान किया जा रहा है। संबंधित बैंकों से वित्तीय जानकारी जुटाने के लिए पत्र भेजे गए हैं।

आर्थिक अपराध शाखा के अनुसार मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई है। एजेंसी का दावा है कि प्रारंभिक जांच में चौरे की ज्ञात आय की तुलना में करीब 500 गुना अधिक संपत्ति सामने आई है। हालांकि, संपत्ति का वास्तविक मूल्यांकन और आय के ज्ञात स्त्रोतं से उसका अंतिम मिलान जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा। फिलहाल जांच पूरी होने के बाद ही चौरे की संपत्तियों और आय के बीच वास्तविक अंतर की स्थिति स्पष्ट होगी। लांजी में सुबह हुई इस कार्रवाई को लेकर दिनभर चर्चाओ का दौर जारी रहा। अब क्षेत्रवासियों की नजर आगामी कार्रवाई और जांच के आधिकारिक निष्कर्ष पर बनी हुई है।

Date & Time : 2026-09-17 08:28:52

Share:

Leave A Reviews

Related News