Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

बालाघाट: गणित का सवाल हल न करने पर शिक्षक ने 5वीं के छात्र को पीटा, पीठ पर उभरे गहरे निशान


बालाघाट जिले अंतर्गत लांजी क्षेत्र के बड़गांव-क स्थित विष्णुटोला शासकीय प्राथमिक शाला में एक शिक्षक द्वारा कक्षा पांचवीं के मासूम छात्र की बर्बरतापूर्वक पिटाई का मामला सामने आया है। घटना बुधवार दोपहर की बताई जा रही है। आरोप है कि गणित का एक सवाल हल न कर पाने पर शिक्षक रूपचंद खरे ने छात्र कृष्णा घोरमारे को लकड़ी की छड़ी (डंडे) से बुरी तरह पीटा। पिटाई के कारण छात्र की पीठ पर लाठी के गहरे और नीले निशान उभर आए। देर रात हालत बिगड़ने पर छात्र को सिविल अस्पताल लांजी में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

शर्ट उतारते ही दिखे चोट के निशान, दादी के सामने रो पड़ा छात्र

घटना का खुलासा तब हुआ जब स्कूल की छुट्टी के बाद छात्र अपने घर पहुंचा। घर पर छात्र की दादी प्रमिला घोरमारे ने जब उससे स्कूल के कपड़े धोने के लिए मांगे और उसने शर्ट उतारी, तो दादी के होश उड़ गए। छात्र की पूरी पीठ पर लाठियों की मार के गहरे निशान उभरे हुए थे। परिजनों द्वारा पूछे जाने पर छात्र बिलख-बिलख कर रोने लगा और उसने पूरी आपबीती बताई। छात्र ने बताया कि शिक्षक ने उसे छड़ी से बेरहमी से पीटा और घर पर किसी को भी घटना के बारे में बताने से सख्त मना किया था।

शिक्षक ने झाड़ा पल्ला, दादी लेकर पहुंचीं अस्पताल

मासूम की पीठ पर बेरहमी के निशान देखकर दादी प्रमिला घोरमारे सीधे शिक्षक रूपचंद खरे के घर शिकायत लेकर पहुंचीं। परिजनों के अनुसार, शिक्षक ने अपनी गलती मानने के बजाय बहाना बनाते हुए कह दिया कि बच्चे को गिरने की वजह से चोट लगी होगी। शिक्षक के इस गैर-जिम्मेदाराना रवैये के बाद परिजन तुरंत छात्र को लेकर सिविल अस्पताल लांजी पहुंचे और डॉक्टरों को पूरी बात बताई।

अस्पताल प्रबंधन ने पुलिस को भेजी सूचना, जांच शुरू

सिविल अस्पताल लांजी के चिकित्सकों ने छात्र की पीठ पर गंभीर चोट के निशान देखकर प्राथमिक उपचार शुरू किया और मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तत्काल लांजी थाना पुलिस को औपचारिक सूचना (मेमो) भेजी। अस्पताल प्रबंधन द्वारा सूचना भेजे जाने के बाद पुलिस ने प्रकरण को संज्ञान में ले लिया है। इस मामले में पुलिस द्वारा छात्र व उसके परिजनों के बयान दर्ज करने और शिक्षक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करने की प्रक्रिया की जा रही है। वहीं, शिक्षा विभाग के स्तर पर भी मामले की विभागीय जांच की बात कही जा रही है।

Date & Time : 2026-10-15 09:21:50

Share:

Leave A Reviews

Related News