
मैहर। मैहर विधानसभा क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी ने गुरुवार को कार्यपालन अभियंता कार्यालय में विद्युत विभाग अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक निर्देश दिए। विधायक ने विद्युत कार्यों की जानकारी लेकर योजनाओं के क्रियान्वयन, कार्यों की गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने को कहा।
विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी ने निर्देशित किया कि विद्युत समस्याओं के शीघ्र समाधान के साथ बढ़ते विद्युत भार के कारण ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि, जर्जर विद्युत लाइनों के प्रतिस्थापन, नए कनेक्शनों की स्वीकृति और विद्युत आपूर्ति की गुणवत्ता में सुधार किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को जनहित से जुड़े सभी मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने को कहा, जिससे कि विद्युत उपभोक्ताओं को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली मिल सके।
विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी ने ग्रामीण क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित होने की शिकायतों को गंभीरता से लिया। उन्होंने बाधित हो रही विद्युत आपूर्ति पर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी ने बताया कि पिछले तीन वर्ष में विद्युत समस्याओं के निराकरण के लिए क्षेत्र में करीब 37 करोड रुपए के कार्य कराए गए, इसमें मुख्यमंत्री मॉनिट से करीब 2 करोड रुपए के विद्युत कार्यों को मैहर विधानसभा क्षेत्र में कराया गया है।
इसमें विद्युत ट्रांसफार्मर क्षमता वृद्धि में कुल 869 नग इसमें 25 केवीए से 63 केवीए के 512 नाम 63 से 100 केवीए के 176 नग, 100 केवीए से 200 केवीए के 136 नग तथा 200 केवीए से 315 के 45 नग स्थापित कराए गए। उन्होंने जानकारी दी कि 72 नवीन विद्युत ट्रांसफार्मर लगाए गए।
इसी प्रकार पुनर्गठित वितरण क्षेत्र योजना (आरडीएसएस) के अंतर्गत करीब 35 करोड़ रुपए की लागत से 342 किलोमीटर की 11 केवी लाइन का कार्य, 742 नवीन ट्रांसफार्मर की स्थापना, 390 किलोमीटर केबल लगाई गई है।
बैठक में विद्युत कार्यपालन अभियंता ओमेंद्र सिंह, सहायक विद्युत अभियंता शाह आलम, कनिष्ठ विद्युत अभियंत शिवनारायण त्रिपाठी, विवेकानंद द्विवेदी, वीरेंद्र कुमार सुमन, सूर्य प्रकाश श्रीवास्तव, विश्वकर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
Leave A Reviews