Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

बैतूल: अघोषित बिजली कटौती और बढ़ते बिलों से परेशान ग्रामीणों ने खोला मोर्चा


बैतूल जिले अंतर्गत चिचोली क्षेत्र में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती और असामान्य रूप से बढ़ते बिजली बिलों से त्रस्त होकर ग्रामीणों ने विद्युत वितरण कंपनी के खिलाफ व्यापक मोर्चा खोल दिया है। गुरुवार को क्षेत्र के आधा दर्जन गांवों के किसानों और ग्रामीणों ने एकजुट होकर चुनाजोड़ स्थित विद्युत वितरण कंपनी के सब स्टेशन पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने शासन और विद्युत विभाग की लचर कार्यप्रणाली पर गहरा रोष व्यक्त करते हुए जिला कलेक्टर, क्षेत्रीय विधायक, तहसीलदार तथा विद्युत विभाग के अधीक्षण यंत्री (एसई) के नाम एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा।

कृषि कार्य ठप, छात्र परेशान और पर्व के दौरान भी अंधेरा

प्रदर्शन में आलमपुर, धनियाजाम, चुनाहजूरी, चुनागोसाई, गोधना, पाठाखेड़ा और चुना खापा सहित आसपास के कई मजरों-टोलों से बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले दो से तीन महीनों से क्षेत्र में बिना किसी पूर्व सूचना के घंटों अघोषित विद्युत कटौती की जा रही है। लगातार ट्रिपिंग और लो-वोल्टेज के कारण जहां खेतों में सिंचाई कार्य पूरी तरह प्रभावित हो रहे हैं, वहीं विद्यार्थियों की पढ़ाई में भी गंभीर व्यवधान आ रहा है। ग्रामीणों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि शारदीय नवरात्रि जैसे पावन धार्मिक पर्व के दौरान भी बिजली की आंख-मिचौनी जारी है, जिससे लोगों में भारी असंतोष पनप रहा है।

स्मार्ट मीटर से बिलों में अप्रत्याशित उछाल, निष्पक्ष जांच की मांग

ज्ञापन में ग्रामीणों ने हाल ही में लगाए जा रहे स्मार्ट मीटरों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए। ग्रामीणों का कहना है कि भारी जनविरोध के बावजूद जबरन स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं, जिसके बाद से मासिक बिजली बिलों में अप्रत्याशित और अस्वाभाविक बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। ग्रामीणों ने मांग की कि स्मार्ट मीटरों के माध्यम से जारी किए जा रहे बिलों की तकनीकी और निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा उपभोक्ताओं को बढ़े हुए बिलों से तत्काल राहत प्रदान की जाए। इसके साथ ही रोस्टर के अनुसार नियमित और निर्बाध विद्युत आपूर्ति बहाल करने की सख्त चेतावनी दी गई।

बैतूल जिले को सूखाग्रस्त घोषित करने और कर्ज वसूली रोकने की आवाज

ज्ञापन के माध्यम से किसानों की आर्थिक बदहाली का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। ग्रामीणों ने शासन से मांग की है कि अल्पवर्षा और कृषि संकट को देखते हुए पूरे बैतूल जिले को तत्काल सूखाग्रस्त घोषित किया जाए। इसके साथ ही प्राकृतिक मार झेल रहे संकटग्रस्त किसानों से विभिन्न कृषि ऋणों की वसूली पर अविलंब रोक लगाई जाए। ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि बिजली कटौती और बिलों की विसंगतियों का शीघ्र निराकरण नहीं हुआ, तो वे उग्र आंदोलन और चक्काजाम करने के लिए बाध्य होंगे। इस प्रदर्शन के दौरान डोमा सिंह कुमरे, विजय राजपूत, बलराम यादव, राजेश बाबा साहू, बबलू उईके, नोमेश इवने, मनोज यादव, दिनेश यादव, लल्ला यादव और रामबाबू सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।

Date & Time : 2026-10-15 10:41:56

Share:

Leave A Reviews

Related News