
बालाघाट। जिले के भरवेली थाना क्षेत्र में 15 वर्षीय नाबालिग की आत्महत्या के मामले में फरार मुख्य आरोपी अजीत बाहेश्वर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी ने नाबालिग के साथ शारीरिक संबंध बनाने की बात स्वीकार कर ली है। दो दिन की पुलिस रिमांड समाप्त होने के बाद, गुरुवार 7 मई को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस जांच में सनसनीखेज खुलासे हुए हैं। आरोपी अजीत की पहचान नाबालिग से घटना के महज दो हफ्ते पहले ही हुई थी। यह पहचान उसके दोस्त लवकुश कोहरे की महिला मित्र के माध्यम से हुई थी। घटना वाली रात (27-28 अप्रैल की दरमियानी रात), अजीत ने लवकुश के मोबाइल से फोन कर नाबालिग को मिलने बुलाया था। इसके बाद नाबालिग घर से कुछ युवकों के साथ मोटरसाइकिल पर गई थी। देर रात करीब एक से दो बजे के बीच आरोपी ने नाबालिग का यौन शोषण किया और फिर उसे बीच रास्ते में ही अकेला छोड़ दिया।
यौन शोषण और असुरक्षित स्थिति में अकेले छोड़ दिए जाने से व्यथित नाबालिग ने घर से कुछ ही दूरी पर रेलिंग में फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली थी। शुरुआत में पुलिस इसे साधारण आत्महत्या का मामला मान रही थी, लेकिन सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद स्थिति बदल गई। फुटेज में नाबालिग युवकों के साथ मोटरसाइकिल पर जाती दिखी, जिसके बाद मुस्लिम समाज और जनप्रतिनिधियों के हस्तक्षेप से पुलिस पर निष्पक्ष जांच और गिरफ्तारी का दबाव बढ़ा।
भरवेली थाना प्रभारी भूपेन्द्रसिंह पंद्रो ने बताया कि मोबाइल कॉल रिकॉर्ड, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर कड़ियां जोड़ी गईं। पुलिस ने पहले लवकुश कोहरे को गिरफ्तार किया था और अब मुख्य आरोपी अजीत भी सलाखों के पीछे है। थाना प्रभारी के अनुसार, आरोपी के स्वीकारोक्ति बयान की पुष्टि के लिए साक्ष्यों को डीएनए जांच के लिए भेजा गया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
Leave A Reviews