
दमोह। शहर में बिजली चोरी के खिलाफ विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए गुरुवार दोपहर एक सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस कार्रवाई के दौरान 12 उपभोक्ताओं को अवैध रूप से बिजली का उपयोग करते हुए पकड़ा गया। चौंकाने वाली बात यह है कि इनमें से कई संपन्न उपभोक्ता सीधे केबल डालकर या मीटर से छेड़छाड़ कर एयर कंडीशनर (AC) चला रहे थे। विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इन सभी पर कुल 2 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है और उनके खिलाफ विद्युत अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किए हैं।
अधीक्षण अभियंता दमोह के निर्देश पर गठित चार विशेष टीमों ने शहर के सिंधी कैंप, मंडी और तीन गुल्ली चौराहा जैसे प्रमुख क्षेत्रों में दबिश दी। विभाग का मुख्य ध्यान उन इलाकों और घरों पर था, जहाँ बिजली की खपत (लोड) तो अधिक थी, लेकिन उस अनुपात में बिल बहुत कम आ रहे थे। जांच के दौरान मीटर से बाईपास कर सीधे बिजली लेना, केबल में कट लगाना और स्वीकृत भार से कई गुना अधिक बिजली का अनधिकृत इस्तेमाल जैसी गंभीर अनियमितताएं उजागर हुईं।
कार्रवाई के दौरान पकड़े गए 12 घरों में बिजली चोरी की पुष्टि होने पर विभाग ने तत्काल प्रभाव से उनके कनेक्शन काट दिए। मौके से अवैध रूप से इस्तेमाल किए जा रहे तार और केबल भी जब्त कर लिए गए हैं। बिजली विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा, विशेषकर उन बड़े लोड वाले उपभोक्ताओं की निगरानी बढ़ा दी गई है जो राजस्व को क्षति पहुँचा रहे हैं। विभाग की इस कार्रवाई से शहर के बिजली चोरों में हड़कंप की स्थिति है।
Leave A Reviews