
बालाघाट. बालाघाट जिले में सुरक्षा बलों को नक्सल विरोधी अभियान के तहत अब तक की सबसे बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने जंगल क्षेत्र में जमीन के अंदर छिपाकर रखा गया नक्सलियों का विशाल डंप बरामद किया है. इस कार्रवाई में अत्याधुनिक हथियारों, विस्फोटक सामग्री और लाखों रुपये नकद जब्त किए गए हैं.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हाल ही में आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों से मिली अहम जानकारी के आधार पर यह सर्च ऑपरेशन चलाया गया. जांच के दौरान अलग-अलग स्थानों पर जमीन खोदने पर हथियारों और विस्फोटकों से भरे बॉक्स मिले. इनमें सेमी ऑटोमैटिक राइफल, ग्रेनेड लॉन्चर, बड़ी मात्रा में कारतूस, डेटोनेटर और बारूद शामिल हैं.
सुरक्षा बलों को जमीन में गाड़कर रखी गई नकदी भी मिली है. कुल 11 लाख 57 हजार रुपये कैश बरामद किए गए, जिसे नक्सली संगठन भविष्य की गतिविधियों के लिए सुरक्षित रखे हुए थे. इसके अलावा मेडिकल किट और अन्य दैनिक उपयोग की सामग्री भी जब्त की गई है.
पुलिस का कहना है कि यह बरामदगी नक्सल नेटवर्क को बड़ा झटका है. इससे क्षेत्र में नक्सलियों की ताकत कमजोर होगी और उनकी गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगेगी. मामले की जांच जारी है और अन्य ठिकानों की तलाश भी की जा रही है.
Leave A Reviews