नई दिल्ली, 13 नवंबर (आईएएनएस)। नई दिल्ली में शुक्रवार को आयोजित साप्ताहिक मीडिया ब्रीफिंग में एमईए प्रवक्ता रणधीर जयसवाल ने कहा कि बांग्लादेश के साथ सकारात्मक, रचनात्मक और भविष्य को ध्यान में रखते हुए अच्छे संबंध बनाए रखना चाहता है।
![]()
नई दिल्ली, 13 नवंबर (आईएएनएस)। नई दिल्ली में शुक्रवार को आयोजित साप्ताहिक मीडिया ब्रीफिंग में एमईए प्रवक्ता रणधीर जयसवाल ने कहा कि बांग्लादेश के साथ सकारात्मक, रचनात्मक और भविष्य को ध्यान में रखते हुए अच्छे संबंध बनाए रखना चाहता है।
विदेश मंत्रालय ने यह भी स्पष्ट किया कि भारत मौजूदा बातचीत के तरीकों के जरिए बांग्लादेश के साथ सभी द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा करने के लिए तैयार है। इसमें तकनीकी स्तर पर होने वाली बातचीत भी शामिल है।
जब उनसे भारत और बांग्लादेश के बीच होने वाली कॉन्सुलर बातचीत टाले जाने की खबरों के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, "भारत बांग्लादेश के साथ सकारात्मक, रचनात्मक और भविष्य को ध्यान में रखते हुए अच्छे संबंध चाहता है। इसी दिशा में दोनों देशों के बीच व्यापार, रेलवे, जल संसाधन और सीमा प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में तय व्यवस्था के तहत कई पहल की गई हैं और बैठकें भी हुई हैं।"
उन्होंने कहा, "भारत और बांग्लादेश के बीच कॉन्सुलर बातचीत का अगला दौर दोनों देशों की आपसी सहमति से तय तारीख पर होगा। इस बैठक में यात्रा से जुड़े संशोधित नियमों पर भी चर्चा की जाएगी। भारत मौजूदा व्यवस्था के तहत बांग्लादेश के साथ सभी मुद्दों और द्विपक्षीय मामलों पर बातचीत करने के लिए तैयार है। इसमें तकनीकी स्तर की बातचीत भी शामिल है।"
इससे पहले 7 अक्टूबर को भारत में बांग्लादेश के निवर्तमान हाई कमिश्नर रियाज हमीदुल्लाह ने नई दिल्ली में विदेश सचिव विक्रम मिस्री से विदाई मुलाकात की थी। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने भारत-बांग्लादेश के आपसी संबंधों और मौजूदा संस्थागत व्यवस्थाओं के तहत दोनों देशों के बीच सहयोग के अलग-अलग पहलुओं पर चर्चा की।
बैठक में दोनों अधिकारियों ने माना कि दोनों देशों के लोगों के बीच आपसी संपर्क और रिश्ते बेहद अहम हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि मिलकर किए गए प्रयासों से साझा हितों के क्षेत्रों में सार्थक और प्रभावी सहयोग को बढ़ावा मिलेगा।
नई दिल्ली स्थित बांग्लादेश हाई कमीशन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पोस्ट कर बताया, "बांग्लादेश के हाई कमिश्नर रियाज हमीदुल्लाह ने अपना कार्यकाल पूरा होने के मौके पर भारत के विदेश सचिव राजदूत विक्रम मिस्री से विदाई मुलाकात की। दोनों ने भारत-बांग्लादेश के आपसी संबंधों और मौजूदा संस्थागत व्यवस्थाओं के तहत सहयोग के सभी पहलुओं पर चर्चा की।"
पोस्ट में कहा गया, "दोनों अधिकारियों ने लोगों के बीच अलग-अलग स्तर पर आपसी संपर्क और संबंधों के महत्व को स्वीकार किया। साथ ही भरोसा जताया कि मिलकर किए गए प्रयासों से साझा हितों के क्षेत्रों में सार्थक और प्रभावी सहयोग आगे बढ़ेगा।"
इससे पहले चार अक्टूबर को विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने नई दिल्ली में रियाज हमीदुल्लाह से मुलाकात की थी। इस दौरान उन्होंने भारत-बांग्लादेश के संबंधों को मजबूत बनाने में उनके योगदान की सराहना की थी।
मुलाकात के बाद विदेश मंत्री जयशंकर ने 'एक्स' पोस्ट कर लिखा, "बांग्लादेश के हाई कमिश्नर रियाज हमीदुल्लाह से विदाई मुलाकात करके खुशी हुई। द्विपक्षीय संबंधों में उनके योगदान की सराहना करता हूं और उनके भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं देता हूं।"
--आईएएनएस
एवाई/डीकेपी
Leave A Reviews