
भोपाल में सेवानिवृत्त आईएएस (IAS) अधिकारी राकेश अग्रवाल की सनसनीखेज हत्या के मामले में विशेष जांच दल (SIT) को अहम साक्ष्य हाथ लगा है। पुलिस ने आरोपी वरुण कुमार वाल्मिक की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त हत्या में इस्तेमाल ब्लेड बरामद कर लिया है। हमीदिया अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद पुलिस रिमांड पर लिए गए आरोपी को एसआईटी कड़ी सुरक्षा के बीच रातीबड़ थाना क्षेत्र स्थित सूरज नगर के बंगले पर लेकर पहुंची थी।
पैर में गोली लगी होने के कारण आरोपी को सहारे के साथ घटनास्थल तक ले जाया गया। आरोपी ने पुलिस की मौजूदगी में बंगले की चाहरदीवारी के पास उस सटीक स्थान की शिनाख्त कराई, जहां उसने वारदात को अंजाम देकर भागते समय गला रेतने में इस्तेमाल किया गया ब्लेड फेंका था। पुलिस ने ब्लेड को विधिवत जब्त कर लिया है और अब इसे फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी (FSL) भेजा जाएगा, ताकि फिंगरप्रिंट और डीएनए साक्ष्य पुख्ता किए जा सकें।
रातीबड़ थाना प्रभारी रास बिहारी शर्मा के अनुसार, 29 और 30 सितंबर की दरमियानी रात आरोपी ने धारदार ब्लेड से रिटायर्ड आईएएस राकेश अग्रवाल का गला रेतकर उनकी नृशंस हत्या कर दी थी। वारदात के बाद वह बंगले की दीवार फांदकर फरार हो गया था और उसी दौरान उसने हथियार को फेंक दिया था।
वारदात के बाद आरोपी फरार होकर उत्तर प्रदेश चला गया था। पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस के आधार पर उसे आगरा से गिरफ्तार किया था। भोपाल लाते समय पुलिस अभिरक्षा से भागने की कोशिश के दौरान हुई मुठभेड़ में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी थी। इसके पश्चात उसे उपचार के लिए हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया था। स्वस्थ होने पर अदालत ने उसे एक सप्ताह की पुलिस रिमांड पर सौंपा है।
प्रारंभिक पुलिस पूछताछ में आरोपी वरुण ने दावा किया है कि वह पूर्व आईएएस अधिकारी के कथित तानों और व्यवहार से परेशान था, जिसके चलते उसने इस खौफनाक वारदात की योजना बनाई। हत्या को अंजाम देने के तुरंत बाद उसने अपनी प्रेमिका को फोन किया था। इसी फोन कॉल के तकनीकी विश्लेषण ने पुलिस को मुख्य सुराग दिया।
कॉल डिटेल के आधार पर जांच की कड़ियां पहले ग्वालियर और फिर आगरा तक जा पहुंचीं, जहां आरोपी की प्रेमिका काम कर रही थी। इसी सूत्र को जोड़ते हुए पुलिस टीम ने आगरा में घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। जब पुलिस आरोपी को लेकर सूरज नगर बंगले पहुंची, तो वहां मौजूद परिजनों का आक्रोश भी देखने को मिला। एसआईटी अब घटनाक्रम की कड़ियों को वैज्ञानिक साक्ष्यों से जोड़कर कोर्ट में मजबूत चालान पेश करने की तैयारी कर रही है।
Leave A Reviews