
सागर जिले के बीना अंतर्गत आगासौद रोड पर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। डबल फाटक के पास एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक युवक अपने साले के विवाह समारोह में शामिल होने के बाद वापस अपने पैतृक गांव लौट रहा था। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और युवक को संभलने का मौका तक नहीं मिला। घटना के बाद आरोपी कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 29 वर्षीय रामगोपाल अहिरवार, निवासी ग्राम बारधा के रूप में हुई है। रामगोपाल पिछले एक सप्ताह से अपनी ससुराल बीना के कालूखेड़ी गांव में रुका हुआ था, जहां वह अपने साले की शादी के कार्यक्रमों में व्यस्त था। बुधवार को विदाई और अन्य रस्मों के बाद वह अपनी बाइक (एमपी 15 एम एल 8281) पर सवार होकर अपने गांव बारधा के लिए निकला था। जैसे ही वह आगासौद रोड पर स्थित डबल फाटक के पास पहुंचा, बीना की ओर से आ रही लापरवाही से भरी कार (एमपी 67 सी 7470) ने उसे टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और परिजनों को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही बीना पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल पहुंचाया। मृतक के रिश्तेदार रघुवर अहिरवार ने बताया कि रामगोपाल की ससुराल में शादी के कारण घर में काफी खुशी का माहौल था, लेकिन इस हादसे ने सब कुछ छीन लिया। पुलिस ने अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे परिजनों को सौंप दिया है। वर्तमान में पुलिस ने मर्ग कायम कर कार को जब्त कर लिया है और फरार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आगासौद रोड पर बढ़ते यातायात और तेज रफ्तार के कारण आए दिन हो रहे हादसों से स्थानीय निवासियों में भी गहरा रोष व्याप्त है।
Leave A Reviews