Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

छिंदवाड़ा: शादी से लौट रहे युवक की बाइक पुलिया से टकराई, नाले में गिरने से मौत

छिंदवाड़ा जिले के चांद थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक दर्दनाक सड़क हादसे में 45 वर्षीय व्यक्ति की जान चली गई। मृतक की पहचान जगत राम (पिता किशोरी ठाकरिया), निवासी ग्राम खापा कला के रूप में हुई है। यह हादसा उस समय हुआ जब वह एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होकर वापस अपने घर लौट रहे थे। देर रात हुए इस हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जगत राम सलैया के पास से गुजर रहे थे, तभी अचानक उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई। अनियंत्रित बाइक सीधे पुलिया से जा टकराई और टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक समेत युवक नीचे गहरे नाले में जा गिरा। सिर में गंभीर चोट लगने और समय पर उपचार न मिल पाने के कारण जगत राम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सुबह जब राहगीरों ने नाले में बाइक और शव देखा, तब घटना की जानकारी पुलिस को दी गई।

घटना की सूचना मिलने के बाद चांद थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को नाले से बाहर निकाला। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि युवक शादी के लिए विशेष रूप से सूट पहनकर घर से निकला था, लेकिन लौटते समय काल ने उसे अपना ग्रास बना लिया। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और प्रक्रिया पूरी होने के बाद पार्थिव देह परिजनों को सौंप दी गई है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। इस घटना से खापा कला गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

Share:

Leave A Reviews

Related News