Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

सतना: निर्वाचन कार्य में लापरवाही पर बीएलओ निलंबित


सतना। निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2027 के कार्य में लापरवाही एवं उदासीनता बरतने पर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सतीश कुमार एस ने मतदान केन्द्र क्रमांक 145 चोरमारी में नियुक्त बीएलओ प्रवीण कुमारी पाण्डेय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार पाण्डेय माध्यमिक शिक्षक, शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय रूपैया टोला चोरमारी में पदस्थ हैं। उनके विरुद्ध निर्वाचन संबंधी सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन नहीं करने तथा मतदान केन्द्र पर उपस्थित नहीं होने की शिकायतें प्राप्त हुई थीं।

इसके अलावा नागरिकों द्वारा मतदाता सूची में नाम नहीं जोड़े जाने की शिकायत सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर भी दर्ज कराई गई थी। इस संबंध में पूर्व में कार्यालय द्वारा 30 जुलाई, 9 सितंबर एवं 16 सितंबर 2026 को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन संबंधित बीएलओ द्वारा आज दिनांक तक कोई जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया।

निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2027 का कार्य संचालित है। ऐसे महत्वपूर्ण निर्वाचन कार्य में लापरवाही एवं वरिष्ठ कार्यालय के निर्देशों की अवहेलना को कदाचरण और अनुशासनहीनता मानते हुए मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के नियम 9(1) के अंतर्गत निलंबन की कार्यवाही की गई है।

निलंबन अवधि में पाण्डेय का मुख्यालय कार्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी रामपुर बाघेलान निर्धारित किया गया है। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।

Date & Time : 2026-11-26 14:48:17

Share:

Leave A Reviews

Related News