Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

पन्ना: मुआवजे और वन अधिकारों को लेकर किसानों ने किया प्रदर्शन, महा आंदोलन की दी चेतावनी


पन्ना जय किसान संगठन रैली के माध्यम से संविधान दिवस पर गुरुवार को किसानों, आदिवासियों और परियोजना प्रभावित ग्रामीणों ने अपनी लंबित समस्याओं को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। जय किसान संगठन के बैनर तले छत्रसाल पार्क से शुरू हुई यह रैली कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंची। यहां प्रदर्शनकारियों ने अपर कलेक्टर मधुवंत राव धुर्वे को राज्यपाल के नाम संबोधित 11 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा और शीघ्र कार्रवाई न होने पर महा आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी।

केन-बेतवा लिंक और रेल परियोजना के विस्थापन व मुआवजे का उठाया मुद्दा

ज्ञापन सौंपते हुए संगठन के नेता अमित भटनागर ने कहा कि केन-बेतवा लिंक परियोजना से प्रभावित ग्रामीणों के मकान टूटने के बावजूद उन्हें आज तक समय पर उचित मुआवजा नहीं मिल सका है। उन्होंने आरोप लगाया कि विभिन्न विकास परियोजनाओं और जनसमस्याओं को लेकर स्थानीय प्रशासन व पुलिस का रवैया आम लोगों की आवाज दबाने वाला रहा है। भटनागर ने यह भी बताया कि ललितपुर-सिंगरौली रेल मार्ग निर्माण के कारण कई किसानों की उपजाऊ सिंचित जमीन असिंचित हो गई है, जबकि माझगवां और रूंझ परियोजनाओं का कार्य भी बेहद धीमी गति से चल रहा है।

पट्टे, वन अधिकार और गरीब परिवारों के आशियाने बचाने की मांग

संगठन ने अपने 11 सूत्रीय ज्ञापन में भूमि अधिकारों और विस्थापन से जुड़े कई गंभीर स्थानीय विवादों को प्रमुखता से शामिल किया है। अमित भटनागर के अनुसार, कनेरी गांव के निवासियों को पिछले 18 वर्षों से भूमि के पट्टे नहीं मिले हैं। इसके अतिरिक्त पाठा, प्रतापपुर और छतेही क्षेत्रों में वन अधिकार पट्टों, खेतों की घेराबंदी और पीढ़ियों से जमीन पर काबिज परिवारों से जुड़े विवादों का निराकरण करने की मांग की गई है। संगठन ने पुरुषोत्तम नगर में लगभग 30 वर्षों से निवासरत कमजोर वर्ग के परिवारों को मकान खाली करने और उन्हें गिराने के नोटिस दिए जाने पर भी कड़ा विरोध दर्ज कराया।

ठोस कार्रवाई न होने पर बड़े जनआंदोलन की चेतावनी

प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए भटनागर ने आरोप लगाया कि गरीबों के मकान तोड़ने और कथित फर्जी प्रकरण दर्ज करने में पुलिस बल के साथ अत्यधिक तेजी दिखाई जाती है, जबकि आम नागरिकों की वास्तविक शिकायतों पर कार्रवाई बेहद सुस्त रहती है। उन्होंने बताया कि फिलहाल प्रशासन की ओर से ज्ञापन में उठाए गए बिंदुओं की जांच और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है। संगठन ने स्पष्ट किया है कि यदि आगामी कुछ दिनों के भीतर जमीनी स्तर पर ठोस कार्रवाई नजर नहीं आई, तो किसान और ग्रामीण व्यापक महा आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।

Date & Time : 2026-11-26 13:49:53

Share:

Leave A Reviews

Related News