
मणिपुर के नोनी जिले के ताओलिंगपुंग गांव में शनिवार सुबह हुए बम विस्फोट में एक चार वर्षीय बच्चे की मौत हो गई, जबकि उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना खौपुम थाना क्षेत्र के नामकाओलोंग पार्ट-2 इलाके में सुबह करीब 8:30 बजे हुई, जब बच्चों के हाथ लगा एक संदिग्ध विस्फोटक अचानक फट गया।
मृतक बच्चे की पहचान कलाइंगामपौ पामेई (4) के रूप में हुई है। उसके पिता थुआनकुंगाम पामेई (40) विस्फोट में बुरी तरह घायल हो गए। पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार बच्चे ने विस्फोटक घर लाकर रखा था और पिता उसे सुरक्षित तरीके से नष्ट करने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान उनका पैर फिसलने से धमाका हुआ, जिसमें बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई और पिता को दोनों पैरों में गंभीर चोटें आईं।
घायल पिता को तुरंत इंफाल स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि विस्फोटक बच्चों के हाथ कैसे लगा। अधिकारियों ने घटना की विस्तृत जांच शुरू कर दी है और इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
यह घटना इलाके में भय और चिंता फैलाने वाली है, क्योंकि यह दर्शाती है कि बच्चों के हाथों में विस्फोटक कितना खतरनाक साबित हो सकता है।

Leave A Reviews