
जबलपुर, (देशबंधु)। पमरे के मुख्य वाणिज्य प्रबंधक राजेश शर्मा अपनी कार्य प्रणाली के कारण अपनी अलग पहचान बनाए हुए है। वह सभी के प्रति दयाभाव और सहायता करने के लिए हमेशा तत्पर रहते हैं
मध्यप्रदेश के बुरहानपुर की एक पीड़ित महिला बिंदुबाई की मदद करके उन्होंने इंसानियत का एक और उदाहरण पेश किया है। मध्यप्रदेश के बुरहानपुर की रहने वाली बिंदुबाई के संघर्ष की एक दर्दनाक तस्वीर सोशल मीडिया पर सामने आई है। महाजन कॉलोनी की रहने वाली बिंदुबाई अपने दिव्यांग पति दयाशंकर को पीठ पर उठाकर कलेक्ट्रेट पहुंची और कलेक्टर से मदद की याचना की।
बताया जाता है कि बिंदुबाई के पति दयाशंकर पिछले 9 वर्षों से पैरालिसिस की वजह से दिव्यांग हैं, उनका एक पैर भी कट चुका है। इसके बावजूद परिवार को अब तक पेंशन का लाभ नहीं मिल पाया है और न ही बैटरी से चलने वाली ट्राइसाइकिल मुहैया हो पाई है। बिंदुबाई का कहना है कि पिछले 9 साल से अपने पति को पीठ पर उठाकर अस्पताल और सरकारी दफ्तरों तक ले जाती है।
उन्होने बताया कि अस्पताल जाने पर भी उन्हे वापस भेज दिया गया और कहा गया कि उन्हे कोई सुविधा नहीं मिल सकती है। लगातार दफ्तरों के चक्कर लगाने के बाद थक हार कर निराश हो चुकी बिंदुबाई की दास्तान सोशल मीडिया के माध्यम से मिलने के पश्चात पश्चिम मध्य रेलवे में सीसीएम पीएस के पद पर पदस्थ रेल अधिकारी राजेश शर्मा ने इस पर रूचि दिखाई और उन्होने बुरहानपुर के कलेक्टर से संपर्क कर सभी तरह की खानापूर्ति करवाने के पश्चात बिंदुबाई को न सिर्फ पीएम वृद्धा पेंशन का लाभ दिलवाया बल्कि बैटरी वाली ट्राइसाइकिल मुहैया करवाकर पति को उसमें बैठाकर लाने ले जाने की सुविधा का इंतजाम भी करवा दिया।
Leave A Reviews