Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

बेटे की कब्र पर फूट-फूटकर रोईं सेलिना जेटली: तलाक की जंग के बीच छलका मां का दर्द; बोलीं- 'मेरे ही बच्चों को मेरे खिलाफ भड़काया जा रहा'


वियना/मुंबई. बॉलीवुड अभिनेत्री सेलिना जेटली इन दिनों अपनी जिंदगी के सबसे काले दौर से गुजर रही हैं। ऑस्ट्रिया में चल रही तलाक की सुनवाई के बीच अभिनेत्री ने एक ऐसा वीडियो साझा किया है, जिसने हर किसी की आंखों में आंसू ला दिए हैं। सेलिना अपने दिवंगत बेटे शमशेर की कब्र पर पहुंचकर फूट-फूटकर रोती नजर आईं। उन्होंने आरोप लगाया है कि उन्हें उनके जीवित तीन बच्चों से मिलने तक नहीं दिया जा रहा है।

कब्र की सफाई और आंसुओं का सैलाब

सेलिना ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें वह अपने दिवंगत बेटे शमशेर की कब्र की सफाई करती और उसे चूमती दिख रही हैं। सेलिना ने लिखा, "तलाक की सुनवाई के लिए ऑस्ट्रिया में बिताए पिछले दो हफ्ते बेहद क्रूर थे। जिस इकलौते बच्चे से मैं मिल पाई, वह दिवंगत शमशेर था।"

बता दें कि 2017 में सेलिना ने दूसरे जुड़वां बच्चों को जन्म दिया था, लेकिन उनमें से एक, शमशेर की दिल की बीमारी (हाइपोप्लास्टिक हार्ट कंडीशन) के कारण मृत्यु हो गई थी।

'मेरे बच्चों को मुझसे ही दूर कर दिया गया'

अभिनेत्री ने अपने पति पीटर हाग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि अदालत के आदेश के बावजूद उनके तीन बेटों—विंस्टन, विराज और आर्थर को उनसे मिलने नहीं दिया जा रहा है। सेलिना का दावा है कि बच्चों को किसी गुप्त स्थान पर रखा गया है और उन्हें मानसिक रूप से उनकी मां के खिलाफ भड़काया जा रहा है।

सेलिना के मुताबिक, यह सब उनकी 'प्री-मैरिटल एसेट्स' (शादी से पहले की संपत्ति) को हथियाने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा, "मेरे बच्चों को बहकाया जा रहा है ताकि वे मुझसे सामान्य बात न कर सकें। उन्हें डराया जा रहा है।"

धोखे से दिया गया तलाक का नोटिस

सेलिना ने अपनी पोस्ट में उस धोखे का भी जिक्र किया, जिसके जरिए उन्हें तलाक का नोटिस थमाया गया। उन्होंने बताया कि सितंबर में उनके पति उन्हें यह कहकर पोस्ट ऑफिस ले गए कि उनकी 15वीं शादी की सालगिरह का कोई तोहफा आया है, लेकिन वहां उन्हें तलाक के कागजात थमा दिए गए।

कुर्बानियों के बदले मिला अपमान

भावुक होते हुए सेलिना ने लिखा कि उन्होंने अपने पति के करियर के लिए अपना देश (भारत), अपने माता-पिता और अपना फिल्मी करियर तक छोड़ दिया। वह दुबई, सिंगापुर और ऑस्ट्रिया में भटकती रहीं और अकेले बच्चों की परवरिश की। लेकिन आज, शादी के इतने सालों बाद, उन्हें घरेलू हिंसा और संपत्ति छीनने जैसी कोशिशों का सामना करना पड़ रहा है।

गौरतलब है कि सेलिना ने नवंबर 2025 में अपने पति के खिलाफ मारपीट और घरेलू हिंसा की शिकायत भी दर्ज कराई थी। फिलहाल अभिनेत्री ऑस्ट्रिया की अदालतों में अपने हक और बच्चों की कस्टडी के लिए कानूनी लड़ाई लड़ रही हैं।

Share:

Leave A Reviews

Related News