Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

छिंदवाड़ा का हवाई सपना होगा साकार: सीएम डॉ. मोहन यादव ने की नए एयरपोर्ट की घोषणा, 3 गांवों में सर्वे पूरा

छिंदवाड़ा. छिंदवाड़ा जिले के निवासियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। लंबे समय से की जा रही हवाई सुविधा की मांग अब हकीकत में बदलने जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश के चार शहरों में नए एयरपोर्ट बनाने की महत्वपूर्ण घोषणा की है, जिसमें छिंदवाड़ा को प्रमुखता से शामिल किया गया है। वर्तमान एयरस्ट्रिप की सीमाओं और विस्तार में आ रही तकनीकी दिक्कतों को देखते हुए, प्रशासन ने अब नए सिरे से एयरपोर्ट विकसित करने का निर्णय लिया है।

सांसद विवेक बंटी साहू के निरंतर प्रयासों के बाद इस परियोजना ने गति पकड़ी है। सांसद साहू ने हाल ही में दिल्ली में केंद्रीय नागर विमानन मंत्री किंजारापु राम मोहन नायडू से मुलाकात कर छिंदवाड़ा की भौगोलिक और आर्थिक स्थिति के मद्देनजर बड़े एयरपोर्ट की आवश्यकता पर जोर दिया था। उन्होंने अवगत कराया कि वर्तमान एयरस्ट्रिप (1486 मीटर लंबी और 30 मीटर चौड़ी) केवल छोटे 7-सीटर विमानों और हेलीकॉप्टरों के लिए ही उपयुक्त है। फिजिबिलिटी रिपोर्ट में भी इसके विस्तार को तकनीकी रूप से अयोग्य पाए जाने के बाद नए स्थान की खोज शुरू की गई थी।

प्रशासनिक स्तर पर नए एयरपोर्ट के लिए ग्राम तिकाड़ी, तिवरा कामथ और खूनाझिर कलां के क्षेत्रों का प्रारंभिक सर्वे पूरा कर लिया गया है। इन स्थानों को बड़े विमानों के संचालन के लिए उपयुक्त माना जा रहा है। अब इस पूरी परियोजना के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार करने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा। मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार, इसे 'रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम' (RCS) के तहत विकसित किया जाएगा, जिसका उद्देश्य छोटे शहरों को मुख्य हवाई नेटवर्क से जोड़कर परिवहन को सुगम बनाना है।

इस घोषणा के बाद छिंदवाड़ा के व्यापारिक जगत और आम नागरिकों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। स्थानीय व्यापारियों का मानना है कि हवाई मार्ग जुड़ने से छिंदवाड़ा में न केवल बड़े उद्योगों का निवेश बढ़ेगा, बल्कि पर्यटन और रोजगार के भी नए द्वार खुलेंगे। ट्रेन और सड़क मार्ग की लंबी यात्रा के विकल्प के रूप में हवाई सुविधा मिलने से जिले के आर्थिक विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।

Share:

Leave A Reviews

Related News