
चिचोली: खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित एक दिवसीय ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर "आरोह-2026" का समापन बुधवार को तपश्री खेल मैदान में बेहद उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। 1 मई से 31 मई तक चले इस एक माह के समर कैंप में 6 से 19 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और खेल की बारीकियों को सीखा। इस दौरान प्रशिक्षकों द्वारा प्रतिभागियों को वॉलीबॉल, कबड्डी सहित विभिन्न खेल विधाओं का विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
शिविर के समापन समारोह में नगर परिषद अध्यक्ष वर्षा रितेश मालवीय, सीएमओ आरिफ हुसैन, पार्षद रोहित आर्य, क्लब अध्यक्ष विजय राठौर, क्रिकेट खिलाड़ी सेम आर्य, शिक्षक सुनील सोनी, धीरेंद्र निगम, खेल प्रशिक्षक संजय यादव एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग की समन्वयक अनारकली तुमडाम मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले और प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले सभी खिलाड़ियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए नगर परिषद अध्यक्ष वर्षा मालवीय ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि निरंतर मेहनत, अनुशासन और समर्पण के साथ यदि किसी एक खेल में रुचि विकसित की जाए, तो राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर सफलता प्राप्त करना मुमकिन है। वहीं, पार्षद रोहित आर्य ने खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास का माध्यम हैं, बल्कि यह हमारे व्यक्तित्व निर्माण और उज्ज्वल भविष्य की मजबूत आधारशिला भी हैं।
इस दौरान कार्यक्रम में उपस्थित अन्य अतिथियों ने भी युवा खिलाड़ियों की हौसलाअफजाई की। इसी बीच, स्थानीय क्रिकेट खिलाड़ी सेम आर्य ने तपश्री खेल मैदान की व्यवस्थाओं को लेकर कुछ जरूरी सवाल उठाए। उन्होंने खिलाड़ियों की सुविधा के लिए मैदान को हमेशा साफ-सफाई से युक्त और स्वच्छ रखने की पुरजोर मांग की, ताकि खिलाड़ियों को अभ्यास में कोई परेशानी न हो।
Leave A Reviews