Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

मैहर में धूमधाम से मना मध्यप्रदेश स्थापना दिवस, विधायक चतुर्वेदी ने फहराया तिरंगा

जिला पंचायत अध्यक्ष कोल, कलेक्टर श्रीमती मुखर्जी, पुलिस अधीक्षक सिंह,अपर कलेक्टर राय की उपस्थिति में कार्यक्रम आयोजित

मैहर, 01 नवंबर. मध्यप्रदेश स्थापना दिवस, 01 नवंबर के अवसर पर मैहर स्थित एकलव्य विद्यालय के मां शारदा ऑडिटोरियम में गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन हुआ. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मैहर विधायक श्री श्रीकांत चतुर्वेदी ने ध्वज फहराकर कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया. ध्वज फहराने के बाद राष्ट्रगान का गायन हुआ. इस अवसर पर शांति और सद्भाव के प्रतीक स्वरूप रंग-बिरंगे गुब्बारे आसमान में छोड़े गए.

जिला पंचायत अध्यक्ष श्री रामखेलावन कोल,कलेक्टर श्रीमती बिदिशा मुखर्जी,पुलिस अधीक्षक श्री अवधेश प्रताप सिंह,अपर कलेक्टर श्री रोशन राय की उपस्थिति में कार्यक्रम आयोजित हुआ. 

कार्यक्रम में विधायक श्री चतुर्वेदी ने शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए उनके उद्देश्यों एवं लाभों पर प्रकाश डाला. उन्होंने कहा कि देश की एकता एवं अखंडता बनाए रखने के लिए जाति, धर्म और अन्य भेदभाव से ऊपर उठकर सभी को एकजुट होकर कदम से कदम मिलाकर चलना चाहिए. उन्होंने कहा कि शासन द्वारा ‘सबका साथ, सबका विकास’ की भावना को आत्मसात करते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा है.

कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि विधायक श्री चतुर्वेदी,कलेक्टर श्रीमती मुखर्जी ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा विभागीय योजनाओं एवं गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की. कार्यक्रम में विधायक श्री चतुर्वेदी और कलेक्टर श्रीमती बिदिशा मुखर्जी ने शहीद स्व. श्री शंकर प्रसाद पटेल की पत्नी को श्रीफल एवं शाल भेंट कर सम्मानित किया.

समारोह में मैहर के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं लोकगीतों पर आधारित नृत्य-नाटिकाओं की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित अतिथियों एवं नागरिकों का मन मोह लिया.

इस अवसर पर शासन की योजनाओं का उत्कृष्ट क्रियान्वयन ग्राम पंचायत में करने और समय सीमा में सेवा प्रदायगी के लिए ग्राम पंचायत झांझबरी के सरपंच श्री रावेंद्र मिश्र एवं सचिव श्री संतोष चतुर्वेदी तथा ग्राम पंचायत घुनवारा की सरपंच श्रीमती अंजू साहू एवं सचिव श्री सुभाष सोनी को आईएसओ 9001:2015 प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया.

कार्यक्रम में शिक्षा एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले श्री दिनेश पुरी (प्राचार्य), सुश्री स्नेहलता वर्मा (शिक्षक), श्री महेंद्र वर्मा (प्राथमिक शिक्षक), श्री रामदीन कोल (उच्चतर माध्यमिक शिक्षक), श्री कौशलेंद्र शुक्ला, श्री अखिलेश यादव एवं श्री पंकज नामदेव (शिक्षक), डॉ. कुलदीप बागड़ी (शिक्षक), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. चंचल नागर तथा पुलिस आरक्षक सुश्री राजश्री नायडू को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया.

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगीत वंदेमातरम का सामूहिक के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया. कार्यक्रम में मध्यप्रदेश गान का गायन हुआ. कार्यक्रम का समापन उत्साह, देशभक्ति एवं सामाजिक एकता के संदेश के साथ हुआ. समारोह में उपस्थित सभी ने मध्यप्रदेश के गौरव, विकास और समृद्धि में सहभागी बनने का संकल्प लिया.

कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती जयंती तिवारी,  श्री कमलेश सुहाने, श्रीमती शशी मिश्रा, श्री नितिन ताम्रकार,श्री सत्यभान पटेल सहित विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, विभागीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे.

Date & Time : 2026-11-01 08:29:46

Share:

Leave A Reviews

Related News