
देवास। मध्य प्रदेश और गुजरात के शहरों के साथ 28 गांवों में लगातार दबिश देने के बाद देवास पुलिस ने चोरी की वारदात में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला बरोठा क्षेत्र में दो अक्टूबर की रात एक सराफा व्यापारी की दुकान का शटर तोड़कर नकदी और चांदी के जेवरात चोरी करने से जुड़ा है। पुलिस को आरोपियों तक पहुंचने में करीब 25 दिन लगे। इस दौरान टीम ने 200 से अधिक स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदिग्धों की मोबाइल लोकेशन के आधार पर अलग-अलग इलाकों में तलाश की।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर चोरी के जेवरात, नकदी सहित करीब 1.51 लाख रुपये का सामान बरामद किया है। पूछताछ में आरोपियों ने बरोठा क्षेत्र की वारदात के अलावा तीन अन्य चोरियां करना भी स्वीकार किया है। इन मामलों में भी करीब एक लाख रुपये कीमत का सामान बरामद किए जाने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस के मुताबिक, बरोठा के रामदेव मार्ग निवासी सराफा व्यापारी राजेश सोनी ने चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि दो अक्टूबर की रात करीब दो से ढाई बजे के बीच अज्ञात बदमाशों ने उनकी दुकान का शटर तोड़ दिया। इसके बाद दुकान में रखे चांदी के जेवरात, चेन, बिछुड़ी, बच्चों की पायल और अन्य सामान लेकर फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलने के बाद बरोठा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वारदात को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग जुटाई। 200 से अधिक कैमरों के फुटेज की जांच में कुछ संदिग्धों की गतिविधियां सामने आईं। इसके बाद मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की गई।
पुलिस टीम ने करीब 25 दिनों तक मध्य प्रदेश और गुजरात के अलग-अलग शहरों और गांवों में आरोपियों की तलाश की। इस दौरान 28 गांवों में भी दबिश दी गई। लगातार प्रयास के बाद 28 अक्टूबर को पुलिस ने बबलू वसुनिया निवासी भटकुंड, थाना सोनकच्छ को गुजरात के सूरत जिले के औद्योगिक क्षेत्र से अभिरक्षा में लिया।
पूछताछ में बबलू ने अपने साथियों विजय उर्फ विजू, रतन और शोभाराम उर्फ गलिया के साथ मिलकर बरोठा में सुनार की दुकान का शटर तोड़कर चोरी करने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने ग्राम भीलआमला, थाना कमलापुर क्षेत्र में दबिश देकर विजय उर्फ विजू को गिरफ्तार कर लिया।
दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पुलिस को पूछताछ के लिए दो दिन का रिमांड मिला। रिमांड के दौरान आरोपियों से चोरी के सामान और अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ की गई।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चोरी के जेवरात और नकदी ग्राम भटकुंड स्थित एक झोपड़ी में छिपाकर रखे गए हैं। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर वहां से करीब 600 ग्राम चांदी के जेवरात और एक हजार रुपये नकद बरामद किए।
इसके बाद पुलिस ने तीसरे आरोपी शोभाराम उर्फ गलिया निवासी भीलआमला को भी दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब आरोपियों से जुड़े अन्य मामलों और चोरी के सामान की बरामदगी को लेकर पूछताछ कर रही है।
बरोठा थाना प्रभारी सविता जाटव के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने तीन अन्य चोरी की वारदातों में शामिल होने की बात भी स्वीकार की है। इनमें बरोठा थाना क्षेत्र के ग्राम पत्थरगुराड़िया और गाजनोदखेड़ा के अलावा उज्जैन के चिमनगंज थाना क्षेत्र में हुई चोरी शामिल है।
पत्थरगुराड़िया में हुई चोरी के मामले में आरोपी बबलू और विजय के पास से एक सोने की चेन और चांदी की पायल बरामद की गई है। वहीं, गाजनोदखेड़ा की वारदात में शोभाराम उर्फ गलिया से एक एलईडी टीवी और चांदी के सिक्के मिले हैं। उज्जैन के चिमनगंज थाना क्षेत्र में हुई चोरी के मामले की जानकारी वहां की पुलिस को दे दी गई है, ताकि संबंधित प्रकरण में आगे की कार्रवाई की जा सके।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में बबलू वसुनिया का आपराधिक रिकॉर्ड सबसे लंबा है। उसके खिलाफ अलग-अलग थानों में कुल 22 प्रकरण दर्ज बताए गए हैं। इनमें सोनकच्छ थाने में आठ, हाटपीपल्या, कांटाफोड़, बागली, कोतवाली और उज्जैन के चिमनगंज थाने में एक-एक, सतवास में दो, बैंक नोट प्रेस थाने में चार और बरोठा थाने में तीन मामले शामिल हैं।
वहीं, विजय उर्फ विजू के खिलाफ उदयनगर थाने में एक, कनाड़िया (इंदौर) और बरोठा थाने में दो-दो प्रकरण दर्ज हैं। तीसरे आरोपी शोभाराम उर्फ गलिया मेहता के खिलाफ बरोठा थाने में दो मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
पुलिस की इस कार्रवाई से बरोठा की सराफा दुकान में हुई चोरी के साथ आसपास के क्षेत्रों में हुई कुछ अन्य वारदातों का भी खुलासा हुआ है। अब पुलिस आरोपियों के साथियों, अन्य संभावित वारदातों और चोरी के बाकी सामान के संबंध में जांच आगे बढ़ा रही है।
Leave A Reviews