
मैहर। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने प्रदेश के सभी संभागों के आयुक्त, आईजी और प्रदेश के सभी जिलों के कलेक्टर और पुलिस अधीक्षकों की वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से बैठक लेकर नशे के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस, नशे का कार्य करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही कर उनकी सप्लाई चैन को खत्म करने, नशे के विरुद्ध जागरूकता फैलाने आदि के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने निर्देश दिए कि सभी कलेक्टर यह सुनिश्चित करे कि दीपावली पर्व पर फूल, दीये, प्रसाद, सजावटी समान आदि की दुकान लगाने वाले छोटे दुकानदारों को स्थानीय निकायों द्वारा अनावश्यक परेशान ना किया जाए। साथ ही दीपवाली पर्व के समय संवेदनशील स्थानों जैसे बाजारों, मंदिरों आदि पर विशेष निगरानी रखी जाए।
बैठक में स्वामित्व योजना अंतर्गत रजिस्ट्री के कार्य के क्रियान्वयन की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने उक्त योजना में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पटवारियों,तहसीलदारों को पुरस्कृत करने के निर्देश भी दिए। मैहर कलेक्टर कार्यालय के वीसी कक्ष से कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी, पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह, अपर कलेक्टर रोशन राय, जिला पंचायत सीईओ सपना त्रिपाठी और अन्य सम्बन्धित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Leave A Reviews