
पन्ना। जिले के बृजपुर स्थित शासकीय कन्या माध्यमिक शाला में बुधवार को स्कूल की कक्षाओं के बजाय छात्र-छात्राएं बिजली के ट्रांसफार्मर के नीचे बैठे नजर आए। बच्चों का कहना है कि उन्हें शिक्षिका की पिटाई का डर है, इसलिए वे कक्षा के अंदर बैठने से बचते हैं। शिक्षिका रजनी सोनी पर छात्र-छात्राओं और साथी शिक्षकों के साथ मारपीट तथा अभद्र व्यवहार करने के आरोप लगाए गए हैं। शिकायतों के बाद बुधवार को जिला स्तर की जांच टीम विद्यालय पहुंची और संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए।
बच्चों के मुताबिक, कक्षा में बैठने पर शिक्षिका की पकड़ में आने और पिटाई का डर बना रहता है। इसी वजह से वे बाहर बैठते हैं, ताकि किसी अप्रिय स्थिति में वहां से भाग सकें।
विद्यालय अध्यक्ष नथू लाल साहू ने भी स्कूल में भय का माहौल होने की बात कही। उन्होंने आरोप लगाया कि विद्यालय में पढ़ाई कम और विवाद ज्यादा होते हैं। उनके अनुसार, रजनी सोनी नाम की शिक्षिका बच्चों और अन्य लोगों से लड़ाई करती हैं तथा अभद्र तरीके से बात करती हैं। उन्होंने बच्चों की सुरक्षा पर चिंता जताते हुए कहा कि छात्र किसी घटना की आशंका में कक्षाओं से बाहर बैठते हैं।
बुधवार 25 नवंबर को बच्चे कक्षाओं से निकलकर बिजली विभाग के ट्रांसफार्मर के नीचे बैठ गए। इस स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों और अभिभावकों ने चिंता जताई है।
उनका कहना है कि ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट होने पर बच्चों के साथ गंभीर हादसा हो सकता है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि इस दौरान कोई दुर्घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा। स्कूल में बच्चों के लिए सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने की मांग भी की गई है।
मामले की जांच के लिए जिला परियोजना समन्वयक किरण कौशिक अपनी टीम के साथ विद्यालय पहुंचीं। उन्होंने बताया कि वायरल वीडियो सामने आने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी पहले भी जांच करा चुके हैं। कलेक्टर और जिला पंचायत सीईओ के निर्देश पर बुधवार को दोबारा जांच की गई।
टीम ने विद्यालय में मौजूद संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए। कौशिक के अनुसार, छात्र हित और विद्यालय की स्थिति को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि शिक्षकों ने अपने बयान में कहा है कि वायरल वीडियो में बच्चे डर के कारण कक्षा से बाहर बैठे थे, लेकिन अब सभी कक्षाएं संचालित हो रही हैं और छात्र-छात्राएं कक्षाओं में पढ़ाई कर रहे हैं।
जिला शिक्षा अधिकारी अजय कुमार गुप्ता ने फोन पर बताया कि मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों तक भेज दी गई है। वहीं, अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने पहले भी जांच होने के बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं होने पर नाराजगी जताई है।
उन्होंने कलेक्टर से शिक्षिका के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और विद्यालय में बच्चों के लिए सुरक्षित माहौल सुनिश्चित करने की मांग की है।
Leave A Reviews