Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

अनूपपुर में महिला एवं बाल विकास विभाग का सहायक निलंबित, 2 लाख मांगने का आरोप


अनूपपुर। जिले में महिला एवं बाल विकास विभाग के एक कर्मचारी पर नियुक्ति और अन्य विभागीय प्रकरणों में अवैध राशि मांगने तथा काम लंबित रखने के आरोप लगे हैं। शिकायतों और विभागीय जवाब की जांच के बाद कलेक्टर रत्नाकर झा ने पुष्पराजगढ़ परियोजना में पदस्थ सहायक वर्ग-2 सुरेश कुमार पनिका को बुधवार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

नियुक्ति दिलाने के नाम पर 2 लाख रुपए मांगने का आरोप

शिकायतों के अनुसार, आंगनबाड़ी सहायिका पद की अनंतिम सूची जारी होने के बाद नियुक्ति दिलाने के नाम पर सुरेश कुमार पनिका ने कथित तौर पर 2 लाख रुपए की मांग की थी। इसके अलावा, एक आंगनबाड़ी सहायिका की मृत्यु के बाद बीमा राशि दिलाने के नाम पर 5 हजार रुपए लेने का आरोप भी लगाया गया है।

एक अन्य शिकायत आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सावित्री धुर्वे से जुड़ी है। उनके सेवानिवृत्त होने के बाद मिलने वाली एकमुश्त राशि के 1 लाख 25 हजार रुपए के प्रकरण को लंबित रखने और इसके बदले राशि मांगने की शिकायत की गई थी।

जवाब संतोषजनक नहीं मिलने पर कलेक्टर ने की कार्रवाई

इन शिकायतों के संबंध में पनिका को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। उन्होंने 1 अक्टूबर और 15 अक्टूबर को अपना जवाब प्रस्तुत किया। हालांकि, कलेक्टर ने उनके जवाब को संतोषजनक नहीं माना।

इसके बाद मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के नियम 10 के तहत सुरेश कुमार पनिका को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश जारी किया गया।

निलंबन अवधि में कोतमा रहेगा मुख्यालय

निलंबन अवधि के दौरान सुरेश कुमार पनिका का मुख्यालय महिला एवं बाल विकास परियोजना, कोतमा निर्धारित किया गया है। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।

Date & Time : 2026-11-25 13:55:57

Share:

Leave A Reviews

Related News