
सतना जिले के चित्रकूट थाना क्षेत्र अंतर्गत राजौला गांव में शुक्रवार दोपहर एक भीषण हादसा हो गया। यहाँ एक दुकान में बाइक के टायर में हवा भरने के दौरान अचानक एयर कंप्रेशर टंकी फट गई। इस जोरदार धमाके की चपेट में आने से 42 वर्षीय दुकानदार रामकिशोर प्रजापति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
मृतक रामकिशोर प्रजापति राजौला के वार्ड नंबर 12 स्थित हनुमान मंदिर के पास पिछले कई वर्षों से एक मड़ैया (कच्ची दुकान) में पंचर बनाने का काम करते थे। चश्मदीदों के अनुसार:
दोपहर के समय रामकिशोर एक बाइक का पंचर सुधार कर उसके टायर में हवा भर रहे थे।
हवा भरने के बाद जैसे ही वह मड़ैया के अंदर रखी कंप्रेशर मशीन की नॉब (Switch) बंद करने पहुंचे, तभी अचानक टंकी में जबरदस्त ब्लास्ट हो गया।
धमाका इतना शक्तिशाली था कि लोहे की टंकी के परखच्चे उड़ गए और उसके टुकड़े लगने से रामकिशोर ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
गनीमत रही कि जिस समय यह धमाका हुआ, बाइक चालक मशीन से थोड़ी दूरी पर खड़ा था, जिसके कारण उसकी जान बच गई। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि पूरा इलाका दहल गया और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही चित्रकूट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
Leave A Reviews