Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

ग्वालियर-झांसी हाईवे पर ट्रक की टक्कर से दंपती और बेटी की मौत


ग्वालियर। मध्यप्रदेश के ग्वालियर-झांसी हाईवे पर रविवार देर शाम तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार परिवार को टक्कर मार दी। हादसे में पति-पत्नी और उनकी बड़ी बेटी की मौत हो गई, जबकि छोटी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल बच्ची को ग्वालियर के जयारोग्य अस्पताल के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। परिवार भितरवार क्षेत्र के सासन गांव का रहने वाला था और महिला के इलाज के लिए ग्वालियर जा रहा था।

पत्नी का इलाज कराने ग्वालियर जा रहा था परिवार

जानकारी के मुताबिक, भितरवार के सासन गांव निवासी कमल किशोर विश्वकर्मा रविवार शाम अपनी पत्नी सीमा और दो बेटियों दीक्षा व भूमि के साथ बाइक से ग्वालियर के लिए निकले थे। सीमा का ग्वालियर में इलाज चल रहा था। परिवार ग्वालियर के गूढ़ागुड़ी नाका स्थित सीमा के भाई के घर जा रहा था।

कल्याणी गांव के पास ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर

रविवार शाम करीब 6 बजे परिवार डबरा क्षेत्र के कल्याणी गांव के पास ग्वालियर-झांसी हाईवे से गुजर रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार चारों लोग सड़क पर दूर जा गिरे।

हादसे में कमल किशोर विश्वकर्मा, उनकी पत्नी सीमा और बड़ी बेटी दीक्षा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, छोटी बेटी भूमि गंभीर रूप से घायल हो गई।

राहगीरों ने डायल 112 पर दी सूचना

हादसे के बाद वहां से गुजर रहे राहगीरों ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही अंतरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एंबुलेंस की मदद से मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे गए, जबकि घायल बच्ची को ग्वालियर के जयारोग्य अस्पताल के ट्रामा सेंटर पहुंचाया गया।

भूमि की हालत गंभीर बताई जा रही है और अस्पताल में उसका इलाज जारी है।

अज्ञात वाहन चालक की तलाश में पुलिस

अंतरी थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह के मुताबिक, हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है और एक बच्ची घायल है। मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है। पुलिस टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश कर रही है।

Date & Time : 2026-11-23 09:37:42

Share:

Leave A Reviews

Related News