
बोगोटा. दक्षिण अमेरिकी देश कोलंबिया एक बार फिर हिंसा और बम धमाकों की गूँज से थर्रा उठा है। दक्षिण-पश्चिम कोलंबिया के काउका प्रांत में शनिवार को यात्रियों से भरी एक बस को निशाना बनाकर किए गए शक्तिशाली विस्फोट में 14 निर्दोष नागरिकों की मौत हो गई, जबकि 38 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। इस हमले ने पूरे क्षेत्र में दहशत फैला दी है और सरकार की सुरक्षा नीतियों पर सवालिया निशान लगा दिए हैं।
यह दुखद घटना काउका प्रांत की काहिबियो (Cajibío) नगरपालिका के पास पैनअमेरिकन हाईवे पर हुई। गवर्नर ऑक्टेवियो गुजमैन के अनुसार, बस अपने गंतव्य की ओर बढ़ रही थी तभी एक जोरदार धमाके ने बस के परखच्चे उड़ा दिए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, धमाका इतना शक्तिशाली था कि आसपास के वाहन भी इसकी चपेट में आने से बाल-बाल बचे।
घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जिनमें से कई की हालत चिंताजनक बनी हुई है। प्रशासन ने मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई है।
कोलंबिया के राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों पर तीखा प्रहार किया है। उन्होंने हमलावरों को 'फासिस्ट' और 'ड्रग तस्कर' करार दिया। राष्ट्रपति ने स्पष्ट किया कि ये समूह शांति की राह में रोड़ा अटका रहे हैं और मासूमों का खून बहाकर देश को अस्थिर करना चाहते हैं।
कोलंबियाई सशस्त्र बलों के कमांडर जनरल ह्यूगो लोपेज ने इस हमले के लिए पूर्व फार्क (FARC) विद्रोहियों के विद्रोही गुट 'हाइमे मार्टिनेज' (Jaime Martinez) को जिम्मेदार ठहराया है। यह गुट 'इवान मोर्डिस्को' के नेटवर्क से जुड़ा है।
समझौते का उल्लंघन: ये वो विद्रोही हैं जिन्होंने 2016 के ऐतिहासिक शांति समझौते को मानने से इनकार कर दिया था।
ड्रग्स का खेल: यह क्षेत्र कोकीन तस्करी का प्रमुख केंद्र है। ये गुट नशीली दवाओं के व्यापार और तस्करी के रास्तों पर अपना वर्चस्व बनाए रखने के लिए हिंसा का सहारा ले रहे हैं।
कोलंबिया का दक्षिण-पश्चिम हिस्सा पिछले दो दिनों से युद्ध के मैदान में तब्दील हो गया है। बस धमाके से पहले भी कई घटनाएं हुईं:
ड्रोन हमले की कोशिश: शनिवार सुबह अल टैम्बो में विस्फोटक लदे 3 ड्रोनों को सुरक्षाबलों ने मार गिराया।
कार बम धमाके: शुक्रवार को काली (Cali) और पल्मिरा (Palmira) में सैन्य ठिकानों के पास दो कार बम विस्फोट किए गए थे।
लगातार हमले: पिछले 48 घंटों में कुल 26 आपराधिक घटनाएं दर्ज की गई हैं।
घाटी डेल कौका की गवर्नर फ्रांसिस्का टोरो ने केंद्र सरकार से तत्काल अतिरिक्त सैन्य बल और खुफिया एजेंसियों की मदद मांगी है ताकि इस आतंकी लहर को रोका जा सके।
Leave A Reviews