Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

आयुक्त संदीप जीआर ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए


भोपाल। मध्यप्रदेश में आंगनवाड़ी सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग ने मैदानी स्तर पर काम करने वाली कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं से सीधे संवाद शुरू किया है। अब उनके अनुभवों, समस्याओं और सुझावों के आधार पर विभागीय योजनाओं और सेवाओं में सुधार की संभावनाएं तलाश की जाएंगी।

इसी क्रम में महिला एवं बाल विकास आयुक्त संदीप जी.आर. ने गुरुवार को भोपाल स्थित संचालनालय में जिले की आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने कर्मचारियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित एवं व्यावहारिक समाधान के निर्देश दिए।

जमीनी सुझावों से सुधरेगी आंगनवाड़ी सेवाओं की गुणवत्ता

आयुक्त संदीप जी.आर. ने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं विभागीय योजनाओं को अंतिम हितग्राही तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्हें काम के दौरान आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों की जानकारी होती है। ऐसे में उनके अनुभव और सुझाव सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने में उपयोगी साबित हो सकते हैं।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यकर्ताओं की ओर से बताई गई समस्याओं को प्राथमिकता से हल किया जाए। साथ ही, उपयोगी सुझावों को विभाग की कार्यप्रणाली में शामिल करने की संभावनाओं का भी परीक्षण किया जाए।

पोषण ट्रैकर, संपर्क ऐप और राशन वितरण की समस्याएं उठीं

बैठक में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने कुपोषित बच्चों की देखभाल, पोषण और स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन से जुड़े अनुभव साझा किए। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और लाड़ली लक्ष्मी योजना के क्रियान्वयन में आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों पर भी चर्चा हुई।

कार्यकर्ताओं ने पोषण ट्रैकर और संपर्क ऐप के इस्तेमाल, आंगनवाड़ी केंद्रों की समय-सारणी तथा टेक होम राशन (THR) वितरण से जुड़ी कठिनाइयों की जानकारी दी। पूरक पोषण आहार के वितरण और कुपोषण की रोकथाम से जुड़े मुद्दे भी बैठक में उठाए गए।

आंगनवाड़ी केंद्रों में सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण पर जोर

आयुक्त ने आंगनवाड़ी केंद्रों की साफ-सफाई, रखरखाव और भवन संबंधी सुविधाओं में सुधार पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में सरकारी भवन उपलब्ध नहीं हैं, वहां सुरक्षित, स्वच्छ और बच्चों के अनुकूल किराए के भवनों का चयन किया जाए।

बैठक में बच्चों को समय पर केंद्र लाने और घर छोड़ने, भोजन से पहले और बाद में हाथों की सफाई तथा नाश्ते और भोजन की तैयारी एवं वितरण व्यवस्था पर भी चर्चा हुई।

खेल-खेल में सीखेंगे बच्चे, शाला पूर्व शिक्षा पर जोर

आयुक्त ने 'पोषण भी, पढ़ाई भी' कार्यक्रम को प्रभावी तरीके से लागू करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र बच्चों के सर्वांगीण विकास की पहली पाठशाला हैं। यहां बच्चों को खेल, रचनात्मक गतिविधियों और उनकी उम्र के अनुरूप सीखने के अवसर मिलने चाहिए।

उन्होंने कहा कि बच्चों के विकास के लिए पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा को समान प्राथमिकता देना जरूरी है। प्रत्येक बच्चे की आयु और विकास स्तर के अनुसार गतिविधियां आयोजित की जानी चाहिए।

Date & Time : 2026-11-19 14:33:33

Share:

Leave A Reviews

Related News