
बरघाट। सिवनी जिले के बरघाट नगर के श्रीराम हायर सेकंडरी स्कूल के छात्र अक्षय पाठक ने राज्य स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल हासिल किया है। 12वीं कक्षा में पढ़ने वाले अक्षय ने अपनी टीम के साथ यह उपलब्धि 70वीं राज्य स्तरीय शालेय तीरंदाजी प्रतियोगिता में दर्ज की। उनकी सफलता पर विद्यालय और नगर में खुशी का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, 70वीं राज्य स्तरीय शालेय तीरंदाजी प्रतियोगिता 2026 का आयोजन 12 से 15 नवंबर तक इटारसी में किया गया था। इसमें प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों से 14 से 17 वर्ष आयु वर्ग के बालक और बालिकाओं ने हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता में बरघाट के अक्षय पाठक की टीम ने तीरंदाजी में गोल्ड मेडल प्राप्त किया। टीम के सभी सदस्यों को सहभागिता प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए। अक्षय पाठक योगेश पाठक के पुत्र हैं और श्रीराम हायर सेकंडरी स्कूल में कक्षा 12वीं के विद्यार्थी हैं।
अक्षय की उपलब्धि की जानकारी मिलने पर नगर परिषद बरघाट के विधायक प्रतिनिधि सुजीत सिंह सूर्यवंशी श्रीराम हायर सेकंडरी स्कूल पहुंचे। उन्होंने छात्र का पुष्पहार से स्वागत किया और राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीतने पर स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर एल्डरमैन राजेंद्र सिंह ठाकुर, समाजसेवी राजकुमार पाठक, संस्था के प्राचार्य जितेंद्र भगत सहित विद्यालय का स्टाफ और विद्यार्थी मौजूद रहे।

अक्षय पाठक की इस उपलब्धि पर उनके मित्रों, शुभचिंतकों और नगरवासियों ने प्रसन्नता जताई है। लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी तरह बेहतर प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दीं।
Leave A Reviews