Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में 10 साल के बाघ का शव मिला, जांच शुरू


उमरिया। मध्य प्रदेश के उमरिया जिले स्थित बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में गुरुवार को करीब 10 साल के नर बाघ का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। बाघ की मौत की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। वन विभाग ने घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी है। मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम के बाद विसरा सहित जरूरी सैंपल प्रयोगशाला भेजे गए हैं।

बाघ का शव मानपुर बफर परिक्षेत्र के बिजौरी सर्किल अंतर्गत देवरी बी बीट में मिला। जंगल में नियमित पैदल गश्त के दौरान वनकर्मियों की नजर शव पर पड़ी। गश्ती दल ने तत्काल इसकी सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी। जानकारी मिलने के बाद वन विभाग के अधिकारी और वन्यजीव चिकित्सकों की टीम मौके पर पहुंची।

मेटल डिटेक्टर और डॉग स्क्वॉड से जंगल में सर्चिंग

घटना के बाद वन विभाग ने घटनास्थल को सुरक्षित कर आसपास के जंगल में पैदल गश्ती बढ़ा दी है। जांच के दौरान मेटल डिटेक्टर और डॉग स्क्वॉड की मदद से क्षेत्र में सर्चिंग की जा रही है। टीम यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि बाघ की मौत किन परिस्थितियों में हुई।

फिलहाल विभाग ने मौत की वजह को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं रखा है। जांच पूरी होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

वन्यजीव चिकित्सकों की टीम ने किया पोस्टमार्टम

बाघ की मौत के कारणों की जांच के लिए वन्यजीव चिकित्सक अभय सिंगर, विपिन चंद्र और आदर्श की टीम ने पोस्टमार्टम किया। इस दौरान जांच के लिए आवश्यक नमूने एकत्र किए गए। इनमें विसरा के सैंपल भी शामिल हैं, जिन्हें प्रयोगशाला भेजा जाएगा।

प्रयोगशाला की रिपोर्ट और पोस्टमार्टम के निष्कर्षों के आधार पर बाघ की मौत की वजह का पता चल सकेगा। इसके बाद ही यह स्पष्ट होगा कि मौत प्राकृतिक कारणों से हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी।

दोपहर में किया गया अंतिम संस्कार

पोस्टमार्टम और जरूरी नमूने एकत्र करने की प्रक्रिया के बाद दोपहर में बाघ के शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। वन विभाग की टीम आसपास के जंगल में जांच और गश्ती जारी रखे हुए है।

Date & Time : 2026-11-19 12:24:52

Share:

Leave A Reviews

Related News