Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

शहडोल में CM मोहन यादव के काफिले को कांग्रेस का काला झंडा, 17 पर FIR, 3 जेल भेजे गए

शहडोल. मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को एक दिवसीय दौरे पर शहडोल जिले के धनपुरी पहुंचे थे। वे यहां वाटर पार्क के लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। कार्यक्रम स्थल से करीब 200 मीटर पहले कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाकर विरोध प्रदर्शन किया, जिससे कुछ देर के लिए मुख्यमंत्री का काफिला रुक गया।

काफिला रुकते ही सुरक्षा में तैनात सुरक्षाकर्मी वाहनों से उतर आए और प्रदर्शनकारियों को हटाने का प्रयास किया, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ता पीछे हटने को तैयार नहीं थे और उन्होंने ‘मुर्दाबाद’ के नारे भी लगाए। हालात बिगड़ते देख कलेक्टर स्वयं गाड़ी से उतरकर मौके पर पहुंचे और सख्ती के साथ प्रदर्शनकारियों को हटाया। इस दौरान कलेक्टर द्वारा लाठी का इस्तेमाल किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर भी सामने आया है।

प्रशासन पहले से था अलर्ट
बताया गया है कि इससे पहले कांग्रेस की जिला अध्यक्ष अपने करीब 40 कार्यकर्ताओं के साथ बुढार के बीईओ कार्यालय के सामने भी विरोध प्रदर्शन कर रही थीं। वहां काले झंडे दिखाने की कोशिश पर पुलिस ने उन्हें पहले ही हिरासत में ले लिया था। इसके बावजूद कुछ कार्यकर्ता कार्यक्रम स्थल के पास पहुंच गए और काफिले को रोकने की कोशिश की।

17 कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर मामला दर्ज
बुढार थाना पुलिस ने गोपालपुर तिराहे पर रास्ता रोककर शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने के आरोप में 17 नामजद सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई कोतवाली में पदस्थ एक एएसआई की शिकायत पर की गई।

थाना प्रभारी विनय सिंह गहरवार ने बताया कि गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है।

तीन कार्यकर्ता गिरफ्तार, जेल भेजे गए
पुलिस ने रविवार देर शाम तीन कांग्रेस कार्यकर्ताओं—शेख साजिद (26), आशु चौधरी (18) और सत्यम प्रजापति (18)—को गिरफ्तार कर तहसील न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और आगे भी कार्रवाई होगी।

कांग्रेस का आरोप—लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन
मामले को लेकर कांग्रेस जिला अध्यक्ष अजय अवस्थी ने कहा कि यदि कार्यकर्ताओं पर बेवजह आपराधिक मामले दर्ज किए गए हैं तो यह गलत है। उन्होंने कहा कि विरोध प्रदर्शन लोकतांत्रिक अधिकार है और कांग्रेस इस कार्रवाई का विरोध करेगी।

घटना के बाद गोपालपुर तिराहे पर कांग्रेस कार्यकर्ता एकत्र हो गए, जिससे कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बनी रही। प्रशासन ने पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है।

Share:

Leave A Reviews

Related News