
मैहर। बाणसागर जलाशय के किनारे गुरुवार को एक खौफनाक घटना हुई जब रामनगर क्षेत्र के कुदरी खुर्द गांव का 17 वर्षीय अजय कोल अपने बकरियों को चराने गया था, तभी तालाब में छिपा मगरमच्छ अचानक उस पर टूट पड़ा। मगरमच्छ ने अजय का पैर पकड़ लिया, लेकिन किशोर ने अदम्य साहस दिखाते हुए 15 मिनट तक संघर्ष कर खुद को मौत के मुंह से बाहर निकाला।
घटना के तुरंत बाद अजय को परिवारजन रामनगर अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने बताया कि अजय के पैर में गंभीर चोटें आई हैं, लेकिन उसकी हालत अब खतरे से बाहर है।
स्थानीय ग्रामीणों ने कहा कि जलाशय में मगरमच्छ पहले से मौजूद हैं, लेकिन पर्याप्त सुरक्षा और चेतावनी संकेतक नहीं लगाए गए हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन से अपील की कि संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई जाए और लोगों व मवेशियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
वनरक्षक प्रफुल्ल त्रिपाठी ने बताया कि घायल किशोर के पास टीम भेजकर घटना का निरीक्षण किया गया और जलाशय क्षेत्र में सुरक्षा उपायों पर ध्यान दिया जाएगा।
यह घटना आसपास के गांवों में डर का माहौल पैदा कर रही है।
Leave A Reviews