Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

ओंकारेश्वर में दादा गुरु की 125 दिवसीय निराहार नर्मदा परिक्रमा शुरू, CM मोहन यादव हुए शामिल


ओंकारेश्वर। मध्य प्रदेश के तीर्थनगरी ओंकारेश्वर में मंगलवार, 24 नवंबर को अवधूत संत दादा गुरु की पांचवीं निराहार नर्मदा परिक्रमा का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने संत-महात्माओं, जनप्रतिनिधियों और श्रद्धालुओं के साथ मां नर्मदा की परिक्रमा का संकल्प लिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाई पंकज मोदी भी आयोजन में उपस्थित रहे।

यह आध्यात्मिक परिक्रमा 125 दिनों तक चलेगी। इसका समापन फिर से ओंकारेश्वर में होगा। दादा गुरु की इस पांचवीं परिक्रमा को लेकर देशभर के श्रद्धालुओं और साधु-संतों में उत्साह है। आयोजन में कैबिनेट मंत्री प्रहलाद पटेल, कैलाश विजयवर्गीय और विश्वास सारंग, सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल तथा विधायक नारायण पटेल सहित कई जनप्रतिनिधि शामिल हुए। महामंडलेश्वर साध्वी सत्यप्रिया दीदी भी मौजूद रहीं।

दादा गुरु ने बताया नर्मदा परिक्रमा का आध्यात्मिक महत्व

अपने संबोधन में दादा गुरु ने नर्मदा परिक्रमा को केवल धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि भक्ति, जीवन और आत्मसाधना का आधार बताया। उन्होंने इसे विश्व की सबसे बड़ी जीवंत आध्यात्मिक साधनाओं में से एक बताया।

दादा गुरु ने साधना का महत्व समझाते हुए कहा, 'चलते हैं तो साधना है और बैठते हैं तो आराधना है।' उन्होंने कहा कि भारत की वास्तविक पहचान यहां की आध्यात्मिक शक्ति और ऋषि-मुनियों की तपस्या में है। सनातन परंपरा में तप, त्याग, सेवा और साधना का विशेष महत्व रहा है।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने किया दादा गुरु की तपस्या का अभिनंदन

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दादा गुरु के कठिन आध्यात्मिक संकल्प का अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार इस महान साधना को नमन करती है। मुख्यमंत्री ने मां नर्मदा की महिमा और ओंकारेश्वर की आध्यात्मिक महत्ता का भी उल्लेख किया।

उन्होंने संतों की तपस्या को भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर बताते हुए कहा कि दादा गुरु का संकल्प आध्यात्मिक चेतना और श्रद्धा का संदेश देता है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की सनातन संस्कृति को नई पहचान मिलने की बात भी कही।

125 दिनों तक चलेगी निराहार परिक्रमा

महामंडलेश्वर साध्वी सत्यप्रिया दीदी ने बताया कि दादा गुरु की निराहार नर्मदा परिक्रमा 125 दिनों तक चलेगी और इसका समापन ओंकारेश्वर में ही होगा। उन्होंने कहा कि साधना में भौतिक सुख-सुविधाओं से अधिक महत्व गुरु की वाणी और आध्यात्मिक भाव का है।

उनके अनुसार, तपस्या का उद्देश्य आत्मिक चेतना को जागृत करना और परमात्मा से जुड़ना है। मां नर्मदा के प्रति समर्पण और गुरु के प्रति श्रद्धा के भाव से बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस आध्यात्मिक अभियान से जुड़ रहे हैं।

Date & Time : 2026-11-24 10:21:48

Share:

Leave A Reviews

Related News