Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

उज्जैन में सिंहस्थ निर्माण से जलभराव, 4 कॉलोनियों में भरा गंदा पानी, पार्षद ने पकड़े इंजीनियर के पैर


उज्जैन में सिंहस्थ 2028 के निर्माण कार्य के दौरान नाला बंद करने से मंगलवार सुबह चार कॉलोनियों में गंदा पानी भर गया। इंदिरानगर, गांधीनगर, जैन सेक्टर और 90 क्वॉर्टर में घरों के बाहर करीब डेढ़ फीट तक पानी जमा हो गया। जलभराव से परेशान लोगों की शिकायत पर पार्षद मौके पर पहुंचे। इस दौरान पार्षद शिवेंद्र तिवारी ने कंपनी के इंजीनियर के पैर पकड़कर नाराजगी जताई और कहा, 'धन्यवाद, आपने मंदिर, घरों और पूरे क्षेत्र में गंदा पानी भर दिया।'

ग्यारहमुखी हनुमान मंदिर के सामने बंद किया गया था नाला

मामला अंकपात रोड पर ग्यारहमुखी हनुमान मंदिर के सामने का है। सिंहस्थ मेला क्षेत्र में मंदिर के सामने सीवरेज लाइन डालने का काम पटेल कंपनी कर रही है। सोमवार रात निर्माण कार्य के लिए कंपनी के कर्मचारियों ने नाला बंद कर दिया था।

इस नाले से गांधीनगर, फाजलपुरा सहित आधा दर्जन से अधिक इलाकों का पानी निकलता है। नाला बंद होने के कारण पानी की निकासी रुक गई और आसपास की बस्तियों में गंदा पानी फैलने लगा। मंगलवार सुबह तक इंदिरानगर, गांधीनगर, जैन सेक्टर और 90 क्वॉर्टर में जलभराव हो गया। कुछ जगहों पर पानी तालाब की तरह जमा हो गया था।

सुबह 4 से 5 बजे के बीच रहवासियों ने पार्षदों को फोन किया

घर और सड़कों पर पानी भरने से परेशान लोगों ने मंगलवार तड़के करीब 4 से 5 बजे के बीच पार्षदों को फोन कर समस्या की जानकारी दी। पार्षद दिलीप परमार के मुताबिक, रहवासियों ने बताया कि जलभराव के कारण घरों से बाहर निकलना भी मुश्किल हो रहा है।

सूचना मिलने के बाद पार्षद मौके पर पहुंचे और कंपनी के इंजीनियरों से नाला बंद करने की वजह पूछी। क्षेत्रीय पार्षद शिवेंद्र तिवारी भी वहां पहुंचे और कंपनी के कर्मचारियों के सामने नाराजगी जताई।

पार्षद ने इंजीनियर के पैर पकड़कर जताया विरोध

पार्षद शिवेंद्र तिवारी ने बताया कि नाला किसी वरिष्ठ अधिकारी की जानकारी के बिना बंद कर दिया गया था। जब ठेकेदार के कर्मचारियों से इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने वरिष्ठ अधिकारी के निर्देश पर नाला बंद करने की बात कही, लेकिन वे अधिकारी का नाम नहीं बता सके।

तिवारी ने आरोप लगाया कि कंपनी का इंजीनियर नगर निगम के अधिकारियों के बारे में भी आपत्तिजनक बातें कर रहा था। उन्होंने कहा कि जनता ने जनप्रतिनिधियों को जिम्मेदारी दी है। गलती किसी की भी हो, लेकिन आम लोगों के घरों और मंदिरों में गंदा पानी नहीं भरना चाहिए।

इसी नाराजगी के बीच उन्होंने इंजीनियर के सामने हाथ जोड़कर और पैर पकड़कर नाला खुलवाने की बात कही। उनका यह विरोध निर्माण कार्य के दौरान आम लोगों को हो रही परेशानी को लेकर था।

ढाई घंटे में खाली हुआ 14 फीट गहरा नाला

लगातार विरोध और बातचीत के बाद मंगलवार सुबह करीब 7 बजे नाला खुलवाया गया। इसके बाद पानी की निकासी शुरू हुई। पार्षद के मुताबिक, नाला करीब 14 फीट गहरा था और इसे खाली होने में लगभग ढाई घंटे लगे।

नाला खुलने के बाद कॉलोनियों की सड़कों और घरों के बाहर जमा गंदा पानी भी धीरे-धीरे निकलने लगा।

Date & Time : 2026-11-24 09:42:25

Share:

Leave A Reviews

Related News