
दमोह (हटा): मध्य प्रदेश के दमोह जिले के हटा थाना क्षेत्र अंतर्गत सोजना गांव में सोमवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहाँ घर में चल रहे लोहे के कूलर की चपेट में आने से एक तीन वर्षीय मासूम बच्चे की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद बदहवास परिजन बच्चे को तत्काल हटा सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, सोजना निवासी थम्मन सिंह लोधी का तीन वर्षीय पुत्र मोक्ष सोमवार दोपहर नहाकर कमरे में आया था। कमरे में लोहे का कूलर चल रहा था। खेल-खेल में मासूम ने अचानक कूलर को छू लिया, जिसमें पहले से करंट उतर रहा था। चूंकि बच्चा नहाकर आया था और उसके शरीर व कपड़े गीले थे, इसलिए उसे करंट का जोरदार झटका लगा। बच्चे की चीख सुनकर परिजन मौके पर दौड़े और तत्काल बिजली का स्विच बंद कर उसे कूलर से अलग किया।
परिजन बिना समय गंवाए मासूम को लेकर हटा सिविल अस्पताल भागे, जहाँ उसे बचाने की हर संभव कोशिश की गई। अस्पताल के ड्यूटी डॉक्टर महिपाल चौधरी ने बताया कि जब बालक को अस्पताल लाया गया, तब उसकी धड़कनें बंद हो चुकी थीं। डॉक्टरों ने गहन परीक्षण के बाद बच्चे को मृत घोषित कर दिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्राथमिक दृष्टि में मौत का कारण बिजली का तेज झटका लगना माना जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही हटा थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस और जानकारों का अनुमान है कि कूलर की मोटर या वायरिंग में खराबी के कारण लोहे की बॉडी में करंट आ रहा था, जो गीले शरीर वाले मासूम के लिए जानलेवा साबित हुआ। इस दुखद हादसे ने एक बार फिर बिजली उपकरणों के उपयोग में बरती जाने वाली सावधानी और बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Leave A Reviews