
दमोह: मध्य प्रदेश के दमोह जिले अंतर्गत देहात थाना क्षेत्र के खजरी गांव में सोमवार दोपहर जमीन के एक टुकड़े को लेकर दो पड़ोसी परिवारों के बीच हिंसक झड़प हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठियों से हमला कर दिया, जिसमें महिलाओं सहित कुल सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल दमोह में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका उपचार जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार, घायल संजय रजक (प्रथम पक्ष) ने पुलिस को बताया कि विवाद तब शुरू हुआ जब दूसरे पक्ष के लोग उनकी जमीन की सीमा पर पत्थर लगा रहे थे। जब उनके पिता रामकुमार ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो मुकेश, गोटीराम और चंद्रभान ने उन पर लाठियों से हमला कर दिया। संजय का आरोप है कि जब वह अपनी माँ सीतारानी (50) और पत्नी सुषमा रजक (23) के साथ बीच-बचाव करने पहुंचे, तो उन लोगों ने इन पर भी जानलेवा हमला कर दिया।
वहीं, दूसरे पक्ष के मुकेश रजक (36) ने इन आरोपों को नकारते हुए अपना पक्ष रखा। मुकेश का दावा है कि दूसरा पक्ष उनकी पैतृक जमीन पर अवैध कब्जा करने का प्रयास कर रहा था। जब उनके परिवार ने इसका विरोध किया, तो उन पर हमला कर दिया गया। इस पक्ष से मुकेश के अलावा गोटीराम (60), चंद्रभान और फूल रानी रजक (55) को चोटें आई हैं। अस्पताल के ट्रॉमा वार्ड में भर्ती सभी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही देहात थाना प्रभारी (TI) अमित कुमार गौतम पुलिस टीम के साथ जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों के बयान दर्ज किए। टीआई गौतम ने बताया कि दोनों पक्ष रजक समाज से हैं और लंबे समय से इनके बीच जमीनी रंजिश चल रही है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर मर्ग कायम कर लिया है और मामले की गहन जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच और बयानों की पुष्टि के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Leave A Reviews