
दमोह। मध्य प्रदेश के दमोह जिला अस्पताल में सोमवार देर रात एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सागर जिले के एक गांव में शादी समारोह में शामिल होने गए 45 वर्षीय व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि परिवार के ही एक रिश्तेदार ने मामूली विवाद के बाद युवक के सीने पर लात मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान पप्पू रजक (45 वर्ष), निवासी पिपरिया छक्का, पथरिया के रूप में हुई है।
यह पूरी घटना सागर जिले के बंडा थाना अंतर्गत बरा गांव में घटित हुई, जहाँ पप्पू अपने जेठ की बेटी की शादी में परिवार सहित शामिल होने गया था। खुशियों भरे माहौल में हुई इस वारदात ने सबको स्तब्ध कर दिया है।
मृतक के भाई जीवन और पत्नी उमा रजक ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि सोमवार रात पप्पू अपने भाइयों के साथ बैठकर खाना खा रहा था। उसी दौरान राहुल नाम के एक व्यक्ति का साला, जो वहां खाना परोस रहा था, पप्पू के पास आया। उसने पप्पू से पूछा कि क्या वह शंकर राव को पहचानता है। जब पप्पू ने उसे पहचानने से साफ इनकार कर दिया, तो आरोपी तैश में आ गया।
आरोप है कि आरोपी ने हाथ में लिया खाना परोसने वाला बर्तन नीचे पटक दिया और पप्पू के सीने पर जोरदार लात मार दी। हमला इतना जबरदस्त था कि पप्पू वहीं ढेर हो गया। जब पत्नी उमा बीच-बचाव करने पहुंची, तो आरोपी ने उनके साथ भी मारपीट की।
मृतक की पत्नी ने स्थानीय पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उमा का कहना है कि घटना के तुरंत बाद वे पप्पू को लेकर थाने पहुंचे थे, लेकिन पुलिस ने उनकी रिपोर्ट लिखने के बजाय उन्हें अस्पताल ले जाने की सलाह देकर वापस भेज दिया। इसके बाद परिजन आनन-फानन में पप्पू को लेकर दमोह जिला अस्पताल पहुँचे, जहाँ ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों का कहना है कि यदि पुलिस और प्रशासन समय रहते सक्रिय होता, तो शायद पप्पू की जान बच सकती थी या आरोपी तुरंत पकड़ा जाता। फिलहाल, दमोह पुलिस ने शव को मर्चुरी में रखवा दिया है और मामले की डायरी संबंधित थाने को भेजने की तैयारी की जा रही है।
अस्पताल की सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। शव का पोस्टमार्टम मंगलवार को किया जाएगा, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों का खुलासा हो पाएगा। आरोपी फिलहाल फरार बताया जा रहा है। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए साक्ष्य जुटा रही है और शादी में मौजूद अन्य प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
Leave A Reviews