
दमोह जिले अंतर्गत जबेरा विकासखंड के ग्राम हरदुआ खुर्द में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब आबादी और रिहायशी मकानों के बेहद नजदीक करीब 12 फीट लंबा विशालकाय मगरमच्छ पहुंच गया। ग्रामीणों के अनुसार, यह मगरमच्छ पिछले करीब 10 दिनों से आसपास के जल स्रोतों और खेतों के आसपास देखा जा रहा था, जिससे पूरे गांव में भय और दहशत का माहौल बना हुआ था। शुक्रवार सुबह खुले इलाके में मगरमच्छ को देखते ही बड़ी संख्या में ग्रामीणों का हुजूम जमा हो गया।
शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे आबादी क्षेत्र के समीप विशाल मगरमच्छ दिखने की सूचना ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही डिप्टी रेंजर नारायण चौबे और झलकन साहू के नेतृत्व में वन विभाग का रेस्क्यू दल आवश्यक उपकरणों और जाल के साथ मौके पर पहुंचा। वन अमले ने ग्रामीणों की मदद से सुरक्षा घेरा बनाते हुए करीब तीन घंटे तक सघन रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद 12 फीट लंबे और भारी-भरकम मगरमच्छ को बिना किसी चोट के सुरक्षित काबू में कर लिया गया।
रेस्क्यू के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और वन विभाग की टीम की मुस्तैदी की सराहना की। प्रभागीय वनाधिकारी (DFO) ईश्वर जरांडे ने जानकारी देते हुए बताया कि हरदुआ खुर्द से सफलतापूर्वक रेस्क्यू किए गए मगरमच्छ का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया, जिसमें वह पूरी तरह स्वस्थ पाया गया। इसके उपरांत मगरमच्छ को वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व क्षेत्र अंतर्गत स्थित प्राकृतिक पर्यावास सिंगौरगढ़ जलाशय में सुरक्षित रूप से छोड़ दिया गया है। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि जलस्रोतों के पास सतर्कता बरतें और वन्यजीव दिखने पर स्वयं पास जाने के बजाय तुरंत विभाग को सूचित करें।
Leave A Reviews