
डिंडौरी जिले के मेहंदवानी जनपद अंतर्गत ग्राम झामझोला में एक दसगात्र कार्यक्रम के दौरान खाना खाने से दर्जनों ग्रामीण बीमार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और बीमार लोगों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार, गांव के सुखचैन धुर्वे के घर शुक्रवार को दसगात्र कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भोजन किया। भोजन के कुछ घंटों बाद रात करीब 12 बजे लोगों को अचानक उल्टी-दस्त की शिकायत शुरू हो गई।
बीमार ग्रामीणों को इलाज के लिए मेहंदवानी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और मोहगांव के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मोहगांव अस्पताल में 50 से अधिक मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि मेहंदवानी अस्पताल में दो दर्जन से अधिक लोगों का उपचार जारी है।
ग्रामीणों के मुताबिक, भोज में पुड़ी, सब्जी, दाल और चावल परोसा गया था, जिसमें गड़बड़ी होने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंच गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है और खाद्य सामग्री के सैंपल जांच के लिए भेजे जाने की तैयारी की जा रही है।
Leave A Reviews